नई दिल्ली: म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान पिछले महीने अपने एक बयान को लेकर लगातार सुर्खियों में रहे। बातचीत के दौरान उन्होंने इशारों-इशारों में कहा था कि बीते 8 सालों में उन्हें कम्युनल कारणों की वजह से कम काम मिला है। उनके इस बयान ने फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में बहस छेड़ दी थी।
इंडस्ट्री से मिले तीखे रिएक्शन, कंगना रनौत ने की कड़ी आलोचना
एआर रहमान के बयान पर कई सेलेब्रिटीज़ ने प्रतिक्रिया दी, लेकिन सबसे तीखा हमला अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की तरफ से आया। उन्होंने रहमान की बातों की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें “सबसे बड़ा कम्युनल इंसान” तक कह दिया था।
‘इमरजेंसी’ फिल्म को लेकर किया गया खुलासा
विवाद के दौरान कंगना रनौत ने यह भी दावा किया था कि एआर रहमान ने उनकी फिल्म ‘इमरजेंसी’ को प्रोपेगेंडा फिल्म बताकर उसमें काम करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद यह मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया।
अब प्रकाश राज ने तोड़ी चुप्पी, रहमान के समर्थन में आए
अब इस पूरे विवाद पर दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने खुलकर एआर रहमान का समर्थन किया और कंगना रनौत के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
केरल लिटरेचर फेस्टिवल में बोले प्रकाश राज
केरल लिटरेचर फेस्टिवल में शिरकत करते हुए प्रकाश राज ने अभिव्यक्ति की आज़ादी और असहमति के अधिकार पर अपनी बात रखी। इसी दौरान उन्होंने एआर रहमान विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि आज के समय में असहमति को अपराध बना दिया गया है।
“रहमान ने सिर्फ अपना अनुभव साझा किया” – प्रकाश राज
प्रकाश राज ने कहा कि
“एआर रहमान जैसे कलाकार, जिनकी देश और दुनिया में प्रतिष्ठा है, अगर अपनी राय रखते हैं तो उन्हें भी सवालों और हमलों का सामना करना पड़ता है।”
उन्होंने याद दिलाया कि
“जिस रहमान को ‘मां तुझे सलाम’ और ‘जय हो’ जैसे गीतों के लिए सराहा गया, जिनके दो ऑस्कर जीतने पर पूरा देश जश्न मना रहा था, वही कलाकार आज सिर्फ अपनी बात कहने भर से विवादों में घिर गया।”
“न मांग रखी, न काम मांगा” – प्रकाश राज
प्रकाश राज के मुताबिक,
“रहमान ने न तो किसी से काम मांगा और न ही कोई मांग रखी। उन्होंने सिर्फ अपना सच और अपना अनुभव साझा किया। वह किसी से भीख नहीं मांग रहे थे।”
कंगना रनौत पर बरसे प्रकाश राज
इसी संदर्भ में प्रकाश राज ने कंगना रनौत के बयान पर भी तीखे शब्दों में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आज किसी कलाकार के निजी और रचनात्मक फैसले को राजनीतिक और राष्ट्र-विरोधी नजरिए से देखा जाने लगा है।
“ना काम करने को देशद्रोह से जोड़ा जा रहा है”
प्रकाश राज ने कहा,
“देखिए किस तरह का जोश शुरू हो गया है। देखिए, किस तरह लोग भौंकने लग गए हैं। एक महिला निर्देशक और अभिनेत्री सिर्फ इसलिए किसी को देशद्रोही कह रही हैं क्योंकि उसने उनके साथ काम नहीं किया।”
‘इमरजेंसी’ को लेकर भी साधा निशाना
उन्होंने आगे कहा,
“कंगना रनौत अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’, जो एक प्रोपेगेंडा फिल्म है, उसे क्लासिक बता रही हैं और यह कह रही हैं कि एआर रहमान ने उनके साथ काम करने से मना कर दिया। ज़रा देखिए आपके आसपास क्या हो रहा है।”











