Homeखास खबरजबलपुर के सिहोरा में तनाव, दुर्गा मंदिर में तोडफ़ोड़ के बाद दो...

जबलपुर के सिहोरा में तनाव, दुर्गा मंदिर में तोडफ़ोड़ के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पथराव

जबलपुर। जिले सिहोरा के आजाद चौक में बीती रात दुर्गा मंदिर में हुई तोडफ़ोड़ के बाद भारी सांप्रदायिक तनाव फैल गया।

आरती के दौरान हुई इस घटना ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी और लाठी-डंडे चले। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े। वर्तमान में पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है।

आरती के दौरान मंदिर में तोडफ़ोड़, विवाद

घटना रात करीब 9 बजे की है, जब आजाद चौक स्थित दुर्गा मंदिर में श्रद्धालु आरती कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी दौरान एक समुदाय विशेष के युवक ने मंदिर की ग्रिल तोड़ दी और अंदर घुसने का प्रयास किया।

पवित्र स्थान पर हुई इस हरकत से वहां मौजूद हिंदू पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने जल्द ही हिंसक झड़प का रूप ले लिया।

पथराव,लाठी-डंडों से हमला

विवाद बढऩे पर दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। गलियों में लोग लाठी-डंडे लेकर निकल आए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

उपद्रवियों ने एक-दूसरे पर हमला किया, जिसमें कुछ लोगों को मामूली चोटें आने की भी खबर है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। बवाल इतना बढ़ गया था कि आसपास की दुकानें बंद हो गई और लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए।

पुलिस ने किया आंसू गैस का प्रयोग

सूचना मिलते ही एसपी संपत उपाध्याय सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बेकाबू भीड़ और उपद्रवियों को खदेडऩे के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जब स्थिति हाथ से निकलने लगी, तो पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।

सुरक्षा के मद्देनजर जबलपुर मुख्यालय से अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है और सिहोरा के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

विधायक की अपील और प्रशासन की निगरानी

मामले की जानकारी मिलते ही सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने भोपाल से ही एसपी और एसडीओपी से बात कर स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा को भी दे दी गई है। प्रशासन का दावा है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि तोडफ़ोड़ करने वाले और पत्थरबाजी करने वाले उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा सके।

Related Articles

Latest News