Homeमध्य प्रदेशमौत से पहले तड़पती रही नवविवाहिता , दहेज न देने पर मारा,...

मौत से पहले तड़पती रही नवविवाहिता , दहेज न देने पर मारा, टेंट लगाकर धरना-प्रदर्शन

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में नई नवेली दुल्हन की मौत से पहले का वीडियो सामने आने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। वीडियो में नव विवाहिता तड़प रही है और ससुराल वाले उसका वीडियो बना रहे हैं।

फिर उसे पानी भी पिलाते हैं। यह वीडियो मायके पक्ष को भी भेजा गया है। इसे देखने के बाद गुरुवार को ग्रामीण और परिजन भड़क गए और सड़क पर उतर आए। कुछ लोगों ने टेंट लगाकर गांव में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया तो कुछ लोग कटंगी पाटन मार्ग पहुंचे। वहां चक्काजाम तक कर दिया।

परिजनों ने बताया कि कैमोरी कटंगी निवासी पूजा साहू की शादी 6 फरवरी को जबलपुर के लार्डगंज क्षेत्र निवासी निखिल साहू से हुई थी। इसके बाद 20 फरवरी को पूजा अपने पति, सास, ससुर और ननद के साथ उज्जैन गई।

परिजनों का कहना है कि 21 फरवरी को उज्जैन में पूजा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका आरोप है कि पूजा बीमार होने की बात कहकर ससुराल पक्ष मायके वालों को उसका वीडियो भेजता रहा और पैसों की मांग करता रहाए लेकिन उसे किसी अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया।

10 लाख रुपए दहेज मांगने का आरोप-

पूजा के परिजनों ने आरोप लगाया कि पूजा के शादी के समय ससुराल पक्ष ने 10 लाख रुपए की मांग की थी। जिसमें से मायके पक्ष ने करीब 4 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर व गृहस्थी का सामान दिया था। बाद में शेष 6 लाख रुपए के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 20 फरवरी को पति निखिल साहू, ससुर नरेश साहू, सास ज्योति साहू और ननद नम्रता साहू पूजा को उज्जैन ले गए। 21 फरवरी की सुबह भेजे गए वीडियो में पूजा की हालत खराब दिखाई दे रही थी। आरोप है कि उसे कुछ पिलाया जा रहा था। बाद में फोन पर बताया गया कि उसकी मौत हो गई।

योजनाबद्ध तरीके से उज्जैन में जहरीला पदार्थ देकर मार दिया-

मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष ने योजना बनाकर पूजा को उज्जैन में जहरीला पदार्थ देकर मार दिया। साथ ही पूजा के बीमार होने की बात कहकर वीडियो भेजे गए और फर्जी डॉक्टर का पर्चा बनाकर मायके पक्ष को भ्रमित किया गया।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग-

घटना के 19 दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पति सहित ससुराल पक्ष के सभी आरोपियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश देने में जुटी रही।

Related Articles

Latest News