Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशव्यस्ततम मार्केट मुकादम गंज में खड़े ऑटो में लगी भीषण आग, मचा...

व्यस्ततम मार्केट मुकादम गंज में खड़े ऑटो में लगी भीषण आग, मचा हड़कम्प

जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र मुकादम गंज में आज सोमवार 16 मार्च की दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां खड़े एक ऑटो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ऑटो धू-धू कर जलने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो सड़क किनारे खड़ा था, तभी अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। चंद मिनटों में ही ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।

गनीमत रही कि घटना के समय ऑटो में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Latest News