‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का आगामी एपिसोड मनोरंजन और हंसी से भरपूर नजर आने वाला है। शो में अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया अपनी फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे। बातचीत के दौरान दोनों कलाकारों ने कपिल शर्मा, मनीष पॉल और पूरी टीम की कॉमेडी की जमकर तारीफ की। इसी दौरान तमन्ना ने कपिल से नए कॉमेडियन्स को लेकर एक दिलचस्प सवाल पूछा, जिस पर कपिल ने अपने खास अंदाज में ऐसा जवाब दिया कि सेट पर हंसी का माहौल बन गया।
तमन्ना ने कपिल और मनीष की रोस्टिंग की तारीफ
शो में तमन्ना भाटिया ने कपिल शर्मा और मनीष पॉल के रोस्टिंग अंदाज की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों सिर्फ होस्टिंग तक सीमित नहीं रहते, बल्कि इस तरह से मजाक करते हैं कि दर्शक भी उसका आनंद लेते हैं और सामने वाला भी असहज महसूस नहीं करता। बातचीत के दौरान तमन्ना ने कपिल से पूछा कि क्या आज के नए कॉमेडियन उनसे रोस्टिंग की कला सीखते हैं।
कपिल ने दिया मजेदार जवाब
तमन्ना के सवाल पर कपिल शर्मा ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह नए कॉमेडियन्स को इसलिए देखते हैं, ताकि उन्हें यह पता चलता रहे कि क्या नहीं बोलना चाहिए, वरना कहीं उन्हें जेल न जाना पड़े। कपिल का यह जवाब सुनते ही सेट पर मौजूद सितारे और दर्शक हंस पड़े।
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी की कपिल की तारीफ
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी कपिल शर्मा, मनीष पॉल और उनकी पूरी टीम की कॉमेडी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि शो में रोस्टिंग के दौरान शब्दों और भाषा का इस्तेमाल इस तरह किया जाता है कि जिस कलाकार पर मजाक किया जा रहा हो, वह भी उसे सहजता से ले सके। सिद्धार्थ ने बिना गाली-गलौज के मनोरंजन करने को शो की खासियतों में से एक बताया।
‘द वन’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर नजर
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ एक्शन, एडवेंचर और फैंटेसी से भरपूर फिल्म है। इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स और द वायरल फीवर ने मिलकर किया है।
उपलब्ध बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 10 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 58.85 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इस प्रदर्शन के साथ फिल्म को सिद्धार्थ मल्होत्रा की कमाई के लिहाज से टॉप पांच फिल्मों में शामिल बताया जा रहा है। फिल्म में सुनील ग्रोवर, अनूप सोनी और श्वेता तिवारी समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।








