Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयशेख शाहजहां के घर पर ईडी ने चश्पा किया नोटिस, पांच दिनों...

शेख शाहजहां के घर पर ईडी ने चश्पा किया नोटिस, पांच दिनों में समर्पण करने को कहा

कोलकाता (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों ने बुधवार को फरार नेता शेख शाहजहां के आवास पर एक नोटिस लगाया है। इसमें शाहजहां को अगले पांच दिनों के भीतर आत्मसमर्पण करने और व्यक्तिगत रूप से केंद्रीय एजेंसी के दफ्तर में उपस्थित होने के लिए कहा गया है।

पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के राशन वितरण मामले में आरोपित होने के अलावा, शेख शाहजहां पांच जनवरी को ईडी और सीएपीएफ कर्मियों पर सुनियोजित हमले का मास्टरमाइंड भी है। बीते दिनों ईडी अधिकारियों ने उत्तर 24 परगना के संदेशखाली स्थित शेख शाहजहां के आवास पर छापेमारी और तलाशी अभियान का प्रयास किया था। इस दौरान टीम पर हमला किया गया था। हमले में कई अधिकारी घायल हो गए थे।

बुधवार को ईडी का नोटिस उसी आवास की दीवार पर चिपकाया गया, जहां उनके अधिकारियों पर हमला हुआ था। मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट 2002 के तहत जारी किए गए नोटिस में शेख शाहजहां को 29 जनवरी को सुबह 11 बजे तक कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके में ईडी के साल्ट लेक के सीजीओ कंपलेक्स दफ्तर में पेश होने के लिए कहा गया है।

शेख शाहजहां को पैन कार्ड, ईपीआईसी कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट और अपनी एक पासपोर्ट साइज तस्वीर जैसे दस्तावेजों के साथ पेश होने के लिए कहा गया है। जिस आवास में ईडी के अधिकारी बुधवार सुबह मुख्य गेट का ताला तोड़कर दाखिल हुए, उसे केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने फिलहाल सील कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि इसी आवास पर गत पांच जनवरी को छापेमारी करने पहुंची ईडी की टीम पर करीब एक हजार लोगों ने एकजुट होकर हमला कर दिया था जिसमें तीन अधिकारी घायल हो गए थे। ईडी की गाड़ी भी तोड़ दी गई थी।

Related Articles

Latest News