Friday, September 11, 2026
Homeमध्य प्रदेशकेन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सांसद केपी यादव के भाई को दिलाई...

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सांसद केपी यादव के भाई को दिलाई भाजपा की सदस्यता

ग्वालियर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की लोकसभा चुनावों की तैयारी तेज हो गई है। कांग्रेस में रहते हुए जिस गुना-शिवपुरी सीट पर उन्हें भाजपा के केपी यादव ने हराया था, वहां से उन्होंने दावेदारी प्रबल कर ली है। रविवार को सिंधिया ने गुना सांसद केपी यादव के भाई अजय पाल यादव को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

दरअसल, सिंधिया ने पिछले दिनों इस क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इससे लग रहा है कि वह लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और आने वाले समय में गुना-शिवपुरी सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। 2019 में इस सीट पर कांग्रेस से उम्मीदवार रहे सिंधिया को कभी उनके ही करीबी रहे केपी यादव ने हराया था। मध्य प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। उससे पहले गुना सिंधिया का गढ़ माना जाता था। 2020 में भाजपा में शामिल हुए सिंधिया इस समय राज्यसभा सदस्य हैं। उन्होंने हाल ही में गुना-शिवपुरी में सक्रियता बढ़ाते हुए सांसद खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इसके बाद कई कांग्रेस नेताओं ने उनके माध्यम से भाजपा की सदस्यता ली है।

अजय पाल यादव के भाजपा में आने से गुना में सिंधिया की ताकत बढ़ेगी। अजय पाल यादव गुना युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हैं और उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य हैं। दोनों ही भाजपा में शामिल हुए हैं।

रविवार को केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने क्षेत्र में कई धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान ग्वालियर पधारे और गुना सांसद केपी यादव के भाई अजय पाल यादव को भाजपा की सदस्यता दिलाई। एक साल पहले दिसम्बर 2022 में अजय पाल यादव ने भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी के सामने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली थी। उस समय भाजपा के लिए यह बड़ा झटका देखा गया था। अब सिंधिया ने अमर पाल यादव की भाजपा में वापसी कराई है। माना जा रहा है कि इस बार सिंधिया ग्वालियर, मुरैना, भिंड, गुना जैसी चार लोकसभा सीटों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Latest News