शासकीय विभागों में विभिन्न पदों पर आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती के नाम पर जालसाजों द्वारा बेरोजगार युवाओं को ठगकर पैसे ऐंठने का प्रयास किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश सरकार के उद्यमिता विकास केन्द्र (सेडमैप) ने स्पष्ट किया है कि आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति और इससे सम्बंधित प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का पैसा अभ्यर्थियों से नहीं लिया जाता है।
मध्यप्रदेश भण्डार क्रय एवं सेवा उपार्जन नियम 2015 (यथा संशोधित 2022) द्वारा उद्यमिता विकास केन्द्र मध्यप्रदेश को समस्त शासकीय विभागों में आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अन्तर्गत कलेक्टर दर पर उच्च कुशल, कुशल, अर्द्धकुशल और अकुशल कर्मचारियों की भर्ती विभिन्न विभागों की आवश्यकता और मांग के अनुरूप समय-समय पर की जाती है। इन भर्तियों के लिए केन्द्र ने अपनी ओर से कोई भर्ती एजेंट या कोचिंग सेंटर नियुक्त नहीं किया है।
आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती सम्बंधी सभी सूचनाएं सेडमैप की आधिकारिक वेबसाइट https://cedmapindia.mp.gov.in/ पर अपलोड की जाती हैं। इन सूचनाओ को वेबसाइट के कॅरियर पृष्ठ के जॉब कॉलम में समय-समय पर देखा जा सकता है।
जालसाजों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही हेतु अभ्यर्थी उद्यमिता विकास केन्द्र (सेडमैप) की ईमेल आईडी info.cedmap@gmail.com अथवा मोबाइल नंबर 9893335484 पर जानकारी दर्ज करा सकते हैं।











