जबलपुर। देवगुरु बृहस्पति 120 दिन वक्री रहने के बाद कल 11 मार्च को शाम 4:26 बजे मिथुन राशि में मार्गी हो गये हैं। इसके बाद अगले 9 माह मार्गी होकर मिथुन, कर्क और सिंह राशि में सीधी चाल चलेंगे।
इस दौरान इसका सकारात्मक असर विभिन्न राशियों के जातक पर देखने को मिलेगा।
ज्योतिषाचार्य पं. अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि भाग्योदय करने वाले इस समय में व्यापार-व्यवसाय, करियर, शिक्षा के क्षेत्र में रुके कार्य में गति मिलने की प्रबल संभावना बनी है।
इसका असर सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों पर भी दिखाई देगा। मिथुन राशि को विद्या, संचार, मीडिया और लेखन से जुड़े विषय से जुड़ा हुआ माना जाता है। ऐसे में गुरु के मार्गी होने से इन क्षेत्र के साथ आध्यात्मिक से जुड़े जातकों में नई गतिविधियां बढ़ सकती है।
मार्गी रहते हुए गुरु मिथुन से कर्क राशि में 2 जून को प्रवेश करेंगे। कर्क उनकी उच्च राशि है इसलिए 2 जून से 31 अक्टूबर का समय शिक्षा, पारिवारिक उन्नति, संतान सुख और आर्थिक स्थिरता के लिए अनुकूल माना जा रहा है।
इसके बाद 1 नवंबर को गुरु ग्रह का सिंह राशि में प्रवेश होगा। इसमें नेतृत्व क्षमता, सामाजिक प्रतिष्ठा और करियर के क्षेत्र में प्रगति के योग बनेंगे।
गुरु ग्रह का मार्गी होना लाभदायक
पं. अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि गुरु ग्रह का मार्गी होना लाभदायक है। इससे लोगों के जीवन में अनुकूलता होती है। इसके सकारात्मक परिणाम मिलते है। गुरु ग्रह सर्वोच्च ज्ञान, बुद्धि, नैतिकता और धर्म का प्रतीक है। ज्योतिष शास्त्र में इन्हें शुभ ग्रह माना जाता है, जो सुख, संतान और धन का कारक है। वे धनु और मीन राशि के स्वामी है।
्रराशियों पर प्रभाव
मेष : इस राशि के जातकों को कार्य क्षेत्र एवं व्यापार व्यवसाय में अवसर मिलेंगे।
वृषभ : आर्थिक परेशानियां दूर होकर आर्थिक स्थिति बेहतर बनने के योग बनेंगे।
मिथुन : मान-सम्मान में वृद्धि होगी और लोग आपके प्रभाव से प्रभावित होंगे।
कर्क : स्वयं के ज्ञान में वृद्धि के साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में सफलता मिलेगी।
सिंह : लंबे समय से अटकी योजनाएं आकार लेगी और कार्यक्षेत्र में प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
कन्या : करियर के क्षेत्र में अच्छे अवसर मिलेंगे आय के नए स्रोत प्रभावित करेंगे।
तुला : भूमि-भवन में निवेश के लिए अच्छे अवसर आएंगे इस क्षेत्र में वृद्धि के आसार है।
वृश्चिक : साझेदारों के साथ आपसी समन्वय से व्यापार-व्यवसाय में लाभ मिलेगा।
धनु : पर्यटन के अवसर जीवन में प्रसन्नता लाएंगे। आध्यात्मिक क्षेत्र में उन्नति होगी।
मकर : कार्य क्षेत्र में नवीन जिम्मेदारियां मिलेगी जो प्रगति की राह खोलेगी।
कुंभ : रचनात्मक कार्य से पहचान मिलेगी और नवीन अवसर समृद्धि के द्वार खोलेंगे।
मीन : स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां दूर होंगी और आर्थिक स्थिति में भी सुधार के योग बनेंगे।











