Sunday, March 15, 2026
Homeबॉलीवुडअल्लू अर्जुन पर लगे आरोपों से मचा बवाल, एक्ट्रेस की टीम ने...

अल्लू अर्जुन पर लगे आरोपों से मचा बवाल, एक्ट्रेस की टीम ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

मुंबई। ब्रांड मैनेजर कावेरी बरुआ के एक हालिया पॉडकास्ट बयान ने अभिनेता अल्लू अर्जुन को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। कावेरी ने दावा किया कि अल्लू अर्जुन से मुलाकात से पहले उन्हें 42 नियमों की एक सूची दी गई थी। इस सूची में कथित तौर पर यह भी शामिल था कि उनसे आंखों में आंखें मिलाकर बात न की जाए और हाथ न मिलाया जाए।

इन दावों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई यूजर्स ने अभिनेता की आलोचना की। मामला बढ़ता देख अल्लू अर्जुन की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर आरोपों को पूरी तरह झूठा और निराधार बताया।

टीम ने अपने बयान में कहा, “अल्लू अर्जुन के बारे में हाल ही में किए गए दावे पूरी तरह से बेबुनियाद हैं। उन्होंने हमेशा गरिमा और सम्मान के साथ खुद को प्रस्तुत किया है। हम इन झूठे आरोपों को गंभीरता से ले रहे हैं और हमारी लीगल टीम जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मानहानि की कार्रवाई शुरू कर रही है। सभी से अनुरोध है कि बिना पुष्टि किए ऐसी बातों को साझा न करें।”

अल्लू अर्जुन की टीम के शरत चंद्र नायडू ने भी इसी बयान को दोहराते हुए कहा कि वीडियो में लगाए गए आरोप पूरी तरह असत्य हैं और इस मामले में कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

दरअसल, कावेरी बरुआ ने ‘स्वीकृति टॉक्स’ पॉडकास्ट में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा था, “अल्लू अर्जुन से मिलने से पहले हमें 42 नियमों की लिस्ट दी गई थी। जैसे ‘सर की आंखों में मत देखो, हाथ मत मिलाओ।’ उनके पास मैनेजर का भी मैनेजर होता है। वे बहुत सख्त हैं।”

जब पॉडकास्ट होस्ट ने इन नियमों के पीछे की वजह पूछी, तो कावेरी ने जवाब दिया, “मुझे नहीं पता, यही नियम है।” हालांकि उन्होंने अन्य नियमों का खुलासा करने से इनकार कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह क्लिप वायरल होने के बाद कावेरी बरुआ ने अपना इंस्टाग्राम और लिंक्डइन अकाउंट डिलीट कर दिया। वहीं सोशल मीडिया पर अभिनेता को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं, खासकर उस कथित नियम को लेकर जिसमें आंखों में आंखें मिलाकर बात न करने की बात कही गई थी। फिलहाल मामला कानूनी प्रक्रिया की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।

Related Articles

Latest News