नई दिल्ली: अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ लंबे समय से चर्चा में बनी हुई है। पहले जहां परेश रावल के फिल्म छोड़ने की खबरों ने फैंस को निराश किया था, वहीं बाद में उनकी वापसी से उम्मीद जगी कि शूटिंग जल्द शुरू होगी। लेकिन अब एक बार फिर इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी पर संकट के बादल मंडराते नजर आ रहे हैं। साउथ के एक प्रोड्यूसर ने फिल्म के राइट्स को लेकर बड़ा दावा ठोक दिया है।
मद्रास हाई कोर्ट में उठा सवाल
मामला मद्रास हाई कोर्ट तक पहुंच चुका है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने निर्माता फिरोज नाडियाडवाला से सीधा सवाल किया कि क्या ‘हेरा फेरी 3’ वास्तव में बनाई जा रही है या नहीं। यह सवाल सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल नाम की प्रोडक्शन कंपनी की याचिका के बाद उठा, जिसमें दावा किया गया है कि ‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी का कॉपीराइट उनके पास है, न कि फिरोज नाडियाडवाला के पास।
कॉपीराइट को लेकर गंभीर आरोप
सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर जीपी विजयकुमार ने बताया कि साल 2000 में रिलीज हुई ‘हेरा फेरी’, मलयालम फिल्म ‘रामजी राव स्पीकिंग’ (1989) का हिंदी रीमेक थी। इसके रीमेक राइट्स निर्माता फिरोज नाडियाडवाला को दिए गए थे, लेकिन यह अनुमति केवल एक फिल्म तक सीमित थी। कंपनी का दावा है कि इस समझौते में न तो सीक्वल बनाने का अधिकार शामिल था और न ही किरदारों को आगे इस्तेमाल करने की छूट।
‘फिर हेरा फेरी’ से शुरू हुआ विवाद
आरोप है कि इसके बावजूद फिरोज नाडियाडवाला ने साल 2006 में ‘फिर हेरा फेरी’ बनाई और अब कथित तौर पर तीसरे पार्ट के राइट्स अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस को बेच दिए। इसी वजह से यह मामला और गंभीर होता चला गया।
2022 में खरीदे गए फ्रेंचाइजी के पूरे अधिकार
जीपी विजयकुमार का कहना है कि उन्होंने साल 2022 में ‘रामजी राव स्पीकिंग’ के मूल निर्माता आदित्य फिल्म्स से फ्रेंचाइजी के सभी अधिकार कानूनी रूप से खरीद लिए थे। उनका दावा है कि इसी आधार पर ‘हेरा फेरी’ सीरीज पर उनका पूरा हक बनता है।
पहले क्यों नहीं हुई कार्रवाई?
विजयकुमार के मुताबिक, शुरुआत में इस मामले पर इसलिए कार्रवाई नहीं की गई क्योंकि पहली फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था और उनके साथ व्यक्तिगत संबंध थे। वहीं दूसरी फिल्म के वक्त कॉपीराइट होल्डर को पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में जब अधिकारों की गहन जांच की गई, तो कथित उल्लंघन और धोखाधड़ी सामने आई।











