नई दिल्ली: मशहूर कॉमेडियन एक्टर Rajpal Yadav इन दिनों चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। आज, 16 फरवरी को उनकी जमानत याचिका पर कोर्ट में सुनवाई होनी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या उन्हें राहत मिलेगी या उन्हें कुछ और दिन जेल में ही बिताने पड़ेंगे।
सोनू सूद ने जताया समर्थन और की प्रार्थना
राजपाल यादव के इस मुश्किल वक्त में फिल्म इंडस्ट्री से लगातार समर्थन मिल रहा है। अभिनेता Sonu Sood ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके समर्थन में भावुक पोस्ट साझा किया।
उन्होंने लिखा, “आज हमारे भाई राजपाल यादव के लिए अहम दिन है। प्रार्थना है कि चीजें सही दिशा में जाएं और फैसला उनके हक में हो। वह एक रेयर टैलेंट हैं। इस मुश्किल समय में हम उनके साथ खड़े हैं और सब ठीक होने तक साथ रहेंगे।” सोनू ने राजपाल को न सिर्फ बेहतरीन कलाकार, बल्कि एक शानदार इंसान भी बताया।
इंडस्ट्री से मिल रहा है सहयोग
राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी जैन ने भी बयान जारी कर बताया कि बॉलीवुड से कई बड़े नाम मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि Salman Khan, Ajay Devgn, David Dhawan और Varun Dhawan समेत कई लोग लगातार संपर्क में हैं और सहयोग कर रहे हैं।
मैनेजर के अनुसार, इस कठिन समय में इंडस्ट्री जिस तरह एकजुट होकर सामने आई है, उससे राजपाल यादव बेहद भावुक और आभारी हैं।
अब सबकी नजर कोर्ट के फैसले पर
आज की सुनवाई राजपाल यादव के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। अगर उन्हें जमानत मिलती है तो यह उनके लिए बड़ी राहत होगी। फिलहाल उनके परिवार, दोस्त और फैंस कोर्ट के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।











