Weekly Horoscope: आपकी राशि में परिवर्तन लायेगा चंद्रमा का गोचर, बन रहा है धन आने का योग

पं अनिल कुमार पाण्डेय
प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया
सागर, मध्य प्रदेश- 470004
व्हाट्सएप- 8959594400

सोमवार 19 जून से रविवार 25 जून 2023 अर्थात विक्रम संवत 2080 शक संवत 1945 के आषाढ़ शुक्ल पक्ष की परिवा से आषाढ़ शुक्ल पक्ष की सप्तमी तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल।

इस सप्ताह प्रारंभ में चंद्रमा मिथुन राशि में रहेगा। 20 तारीख को 2:45 बजे दिन से चंद्रमा का प्रवेश कर्क राशि में होगा। उसके उपरांत 22 तारीख को 2:30 बजे रात से सिंह राशि में और 25 तारीख को 2:01 बजे दिन से कन्या राशि में चंद्रमा गोचर करेगा। इसके अलावा पूरे सप्ताह शुक्र और मंगल कर्क राशि में रहेंगे, सूर्य मिथुन राशि में और गुरु मेष राशि में रहेंगे। शनि पूरे सप्ताह कुंभ राशि में वक्री रहेगा। इसी प्रकार पूरे सप्ताह राहु मेष राशि में वक्री रहेगा। बुध प्रारंभ में वृष राशि में रहेगा तथा 24 तारीख को 12:32 बजे दिन से मिथुन राशि में प्रवेश करेगा।

मेष राशि

इस सप्ताह  आपके व्यापार में उन्नति होगी। धन आने का भी योग है। आपका पराक्रम बढ़ेगा। लोग आपकी बात मानने के लिए बाध्य रहेंगे। भाई बहनों से संबंध अच्छे बनेंगे। बहनों के साथ कोई समस्या आ सकती है। भाग्य आपका साथ देगा। माताजी का स्वास्थ्य थोड़ा खराब हो सकता है। आपके सुख में कमी आएगी। अगर आप अविवाहित हैं तो विवाह के संबंध आ सकते हैं। प्रेम संबंधों में वृद्धि होने की संभावना है। इस सप्ताह आपके लिए 20 के दोपहर के बाद से 21 और 22 तारीख उत्तम और लाभप्रद हैं। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह काले कुत्ते को रोटी खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

वृष राशि

आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। जीवन साथी के स्वास्थ्य में समस्या हो सकती है। जीवनसाथी के कमर और गर्दन में दर्द हो सकता है। व्यापार ठीक चलेगा। धन आने का योग है। भाई बहनों के साथ संबंध ठीक-ठाक रहेंगे। आपके पराक्रम में वृद्धि होगी। शत्रु समाप्त हो सकते हैं, परंतु इसके लिए आपको विशेष प्रयास करने पड़ेंगे । इस सप्ताह आपके लिए 23, 24 और 25 तारीख की दोपहर तक का समय विशेष रूप से लाभदायक है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शनिवार को शनि मंदिर में जाकर भगवान शनि की पूजा करें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

मिथुन राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। आपको अपने मस्तिष्क में गौरव का भाव आएगा। जीवनसाथी का भी स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। धन आने का योग है। संतान से आपको कोई विशेष सहायता प्राप्त नहीं होगी। कचहरी के कार्यों में धन व्यय हो सकता है। भाग्य से आपको सहायता प्राप्त नहीं हो पाएगी। आपको अपने परिश्रम पर ही विश्वास करना पड़ेगा। आपके लिए इस सप्ताह 19, 20 की दोपहर तक और 25 के दोपहर के बाद का समय सफलताओं के लिए उत्तम है। इस समयावधि में आप जो भी कार्य करेंगे उसमें आप सफल होंगे। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह प्रतिदिन भगवान शिव का अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है ।

कर्क राशि

कचहरी के कार्यों में इस सप्ताह सफलता का योग है। भाग्य भी इस सप्ताह आपकी मदद कर सकता है। धन आने का उत्तम योग है। आपके या आपके जीवन साथी के स्वास्थ्य में समस्या आ सकती है। अविवाहित जातकों के लिए विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं। कार्यालय में आपकी स्थिति ठीक रहेगी। छोटी मोटी दुर्घटना का योग है।  इस सप्ताह आपके लिए 20 के दोपहर के बाद से तथा 21 और 22 तारीख फलदायक और लाभदायक है। 19 और 20 तारीख की दोपहर तक आपको कोई भी कार्य संभलकर करना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान जी के मंदिर में जाकर हनुमान चालीसा का कम से कम 3 बार पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

सिंह राशि

इस सप्ताह आपके पास धन आने का अद्भुत योग है। आपकी कई मनोकामनाएं पूर्ण हो सकती हैं। बड़े भाई का आपको स्नेह मिल सकता है। कार्यालय में आपकी स्थिति अच्छी रहेगी। पिताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। माताजी का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।  भाग्य से थोड़ी बहुत मदद मिल सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 23 और 24  तारीख किसी कार्य की सफलता के लिए उत्तम है। 20, 21, 22, 23 और 24 तारीख को आपको कचहरी के कार्यों में सफलता प्राप्त हो सकती है। कचहरी के कार्यों को छोड़कर अन्य कार्यों की सफलता के लिए 20 तारीख की दोपहर के बाद से 21 और 22 तारीख को आपको विशेष सावधानी से कोई भी कार्य करना पड़ेगा। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप काले कुत्ते को रोटी खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

कन्या राशि

इस सप्ताह आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। भाग्य आपका साथ देगा। भाग्य के भरोसे भी आपके कई कार्य हो सकते हैं। यात्राओं का योग है।   आपके नए नए शत्रु बन सकते हैं। अगर आप प्रयास करेंगे तो आपके शत्रु समाप्त भी हो सकते हैं। आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त होगा। इस सप्ताह आपके लिए 19 और 20 की दोपहर तक तथा 25 के दोपहर के बाद का समय अनुकूल है। 23, 24 और 25 के 12 बजे तक आपको कोई भी कार्य पूरी सावधानी से करना चाहिए।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप रुद्राष्टक का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

तुला राशि

अविवाहित जातकों के लिए वर्तमान समय उत्तम है। अगर विंशोत्तरी दशा ठीक होगी तो विवाह हो सकता है। इस सप्ताह कार्यालय में आपको परेशानियां हो सकती हैं।  कार्यालय में आपकी प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। इस सप्ताह भाग्य आपका साथ देगा।  भाग्य से आपके कई कार्य हो सकते हैं। आकस्मिक धन लाभ भी हो सकता है। दूर यात्रा का योग भी है। इस सप्ताह आपके लिए 20 की दोपहर के बाद से तथा 21 और 22 तारीख लाभप्रद और सफलता दायक है। रविवार को आपको सतर्क रहकर कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शुक्रवार को किसी मंदिर में जाकर गरीबों के बीच में चावल का दान दें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

वृश्चिक राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। आप दुर्घटनाओं से बचेंगे। आपके पेट में पीड़ा हो सकती है। आपकी माता जी को कष्ट हो सकता है। पिताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। 20, 21 और 22 तारीख को भाग्य से आपको मदद मिल सकती है।  भाइयों और बहनों से आपके संबंध ठीक रहेंगे। इस सप्ताह आपके लिए 23, 24 और 25 की दोपहर तक का समय उत्तम है। इस समय आपको लाभ प्राप्त हो सकता है।  19 और 20 तारीख की दोपहर तक आपको संभल कर कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शुक्रवार के दिन मंदिर में जाकर पुजारी जी को सफेद कपड़े का दान दें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

धनु राशि

इस सप्ताह आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। दोनों का मस्तिष्क लगातार क्रियाशील रहेगा। आपके और जीवनसाथी के स्वभाव में उग्रता आ सकती है। स्वभाव की उग्रता पर आप को कंट्रोल करना चाहिए। आपके संतान से आपको सहयोग प्राप्त होगा। भाइयों और बहनों के साथ संबंध थोड़ा कम ठीक रहेंगे।  दुर्घटनाओं से आप बाल-बाल बच सकते हैं। इस सप्ताह आपके लिए 19, 20 तारीख की दोपहर तक और 25 तारीख को दोपहर के बाद का समय आप द्वारा किसी भी कार्य को करने के लिए उपयुक्त है। इस समयावधि में आपको सफलताएं मिलेंगी।   20 तारीख की दोपहर के बाद से तथा 21 और 22 तारीख को आपको कोई भी कार्य सतर्क रहकर करना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान जी के मंदिर में जाकर हनुमान जी के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का कम से कम 7 बार जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन  सोमवार है।

मकर राशि

मकर राशि के अविवाहित जातकों के लिए यह सप्ताह विवाह के प्रस्तावों को लेकर आएगा। परंतु इन प्रस्तावों  के विरुद्ध बाधाएं भी रहेंगी। आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा परंतु जीवन साथी के स्वास्थ्य में खराबी आ सकती है। अगर आप प्रयास करेंगे तो आपके शत्रु आपसे परास्त हो सकते हैं। कचहरी के कार्यों में आपको सफलता मिल सकती है। आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त होगा। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी।  इस सप्ताह आपके लिए 20 तारीख की दोपहर के बाद से लेकर 21 और 22 तारीख उत्तम फलदायक हैं। सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सतर्क रहकर कार्य करने की आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप गौ माता को प्रतिदिन हरा चारा खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

कुंभ राशि

इस सप्ताह आपके संतान को उत्तम फल की प्राप्ति होगी। संतान का सहयोग आपको प्राप्त होगा। छात्रों की पढ़ाई अच्छी चलेगी। आपके पास धन आने की भरपूर संभावना है। आपके स्वास्थ्य में थोड़ी खराबी आ सकती है। आपके पिताजी का भी स्वास्थ्य खराब हो सकता है। कार्यालय में आपकी स्थिति में थोड़ी खराबी आ सकती है। माताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। इस सप्ताह आपके लिए 23, 24 और 25 तारीख की दोपहर तक का समय किसी भी कार्य को करने के लिए उपयुक्त है। इस समय में आप जो भी काम करेंगे उसमें आपको सफलता प्राप्त होगी। 20 तारीख की दोपहर के बाद से 21 और 22 तारीख को कोई भी कार्य करने से पहले आपको पूरी सावधानी बरतना है। प्रयास करेंगे तो 23 और 24 तारीख को आपके शत्रु आपसे परास्त हो सकते हैं। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह अपने घर की बनी पहली रोटी गौमाता को दें। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।

मीन राशि

इस सप्ताह आपके सुख में पर्याप्त वृद्धि होगी। माताजी और पिताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।  जनता से आपको सहयोग प्राप्त होगा। भाई बहनों के साथ उत्तम संबंध रहेंगे। व्यापार में तरक्की होगी। धन आने का योग है। संतान से संबंध खराब हो सकते हैं या संतान का सहयोग आपको प्राप्त नहीं होगा। इस सप्ताह आपके लिए 19 और 20 तारीख  के दोपहर तक का समय तथा 25 तारीख को दोपहर के बाद का समय किसी भी नए कार्य को करने के लिए उपयुक्त है। 23, 24 और 25 तारीख को दोपहर के पहले का समय आपके लिए सावधान रहने का है। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह मंगलवार का व्रत करें और मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम 3 बार हनुमान चालीसा का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन सोमवार है।