साप्ताहिक राशिफल 10 से 16 जुलाई: सूर्य का मिथुन राशि में गोचर आपके जीवन में लाएगा परिवर्तन

पं अनिल कुमार पाण्डेय
प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया
सागर, मध्य प्रदेश- 470004
व्हाट्सएप- 8959594400

सोमवार 10 जुलाई से रविवार 16 जुलाई 2023 तक अर्थात विक्रम संवत 2080 शक संवत 1945 के श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी से श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तक के सप्ताह का ग्रह गोचर और साप्ताहिक राशिफल।

इस सप्ताह में चंद्रमा प्रारंभ में मीन राशि में रहेगा। 10 जुलाई को 11:54 बजे रात से मेष राशि में प्रवेश करेगा। इसके उपरांत 12 जुलाई को 5:00 बजे रात अंत से वृष राशि में और 15 जुलाई को 12:26 बजे दिन से मिथुन राशि में गोचर करेगा। इस पूरे सप्ताह सूर्य मिथुन राशि में, मंगल और शुक्र सिंह राशि में, बुध कर्क राशि में, गुरु मेष राशि में और शनि कुंभ राशि में गोचर करेंगे। राहु मेष राशि में वक्री होकर गोचर करेगा।

मेष राशि

मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सामान्य है। पराक्रम भाव में सूर्य के बैठने के कारण आपकी कीर्ति चारों दिशाओं में फैलेगी और भाग्य आपका साथ देगा। जिन जातकों का विवाह नहीं हुआ है उनके विवाह की संभावना बन सकती है। छात्रों की पढ़ाई ठीक चलेगी। संतान से आपको सुख की प्राप्ति हो सकती है। लग्न में गुरु चांडाल योग का बनना बहुत सारे अच्छे फलों को कम कर सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 11 और 12 जुलाई सफलतादायक है। 10 जुलाई को आपको किसी भी कार्य को करने के पहले पूरी योजना बना लेनी चाहिए और पूरी सावधानी से कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप काले कुत्ते को प्रतिदिन रोटी खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

वृष राशि

आपकी राशि का लग्नेश चंद्रमा है जो कि इस सप्ताह उच्च का होकर आपके लग्न में विराजमान होगा। यह आपके लिए अत्यंत शुभ रहेगा। इस सप्ताह धन आने का बहुत अच्छा योग है। भाई बहनों से सप्ताह आपका संबंध थोड़ा कम ठीक रहेगा। कार्यालय में भी आप का वाद विवाद हो सकता है। कचहरी के कार्यों में बुद्धि के कारण सफलता का योग है। भाग्य इस सप्ताह आपका सामान्य रहेगा। पिताजी के स्वास्थ्य में थोड़ी खराबी आ सकती है। माताजी का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। इस सप्ताह आपके लिए 13, 14 और 15 जुलाई विभिन्न कार्यों को संपन्न करने के लिए अत्यंत उत्तम रहेंगे। 11 और 12 जुलाई को आपको सतर्क रहकर के ही कोई कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप भगवान शिव का प्रतिदिन दूध और जल से अभिषेक करें। इस सप्ताह आप का शुभ दिन शुक्रवार है।

मिथुन राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। जीवनसाथी का स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा। भाग्य से आपको सफलता की उम्मीद थोड़ी कम है। सफलता के लिए आपको परिश्रम करना अनिवार्य रहेगा। भाई बहनों के साथ संबंध में थोड़ी सी खटास हो सकती है। छात्रों का पढ़ाई में मन लगेगा। सफलताएं प्राप्त होंगी। इस सप्ताह आपके लिए 10 तथा 15 जुलाई के दोपहर के बाद से तथा 16 जुलाई किसी भी कार्य को करने के लिए उपयुक्त है। 14 और 15 जुलाई की दोपहर तक आपको कोई कार्य बहुत ही योजनाबद्ध तरीके से ही करना चाहिए। अन्यथा आप असफल हो सकते हैं। इस वक्त आपको चाहिए कि आप शनिवार के दिन भगवान शनि की आराधना करें।  शनि मंदिर में जाकर उनका दर्शन एवं पूजन करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है। 

कर्क राशि

इस सप्ताह भाग्य आपकी मदद करेगा। धन आने का सामान्य योग है। कचहरी के कार्यों में सफलता मिलेगी। व्यापार ठीक चलेगा। कार्यालय में आपका सम्मान बरकरार रहेगा। पिताजी के स्वास्थ्य में विशेषकर उनके पैरों में कोई खराबी आ सकती है। माताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। कर्क राशि का स्वामी चंद्रमा होता है। इस सप्ताह आपके लग्न में बुध विराजमान है जो कि अपने शत्रु राशि में है। अतः आपके स्वास्थ्य में थोड़ी खराबी आ सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 11 और 12 जुलाई उत्तम फलदायक है। 15 और 16 जुलाई को आपको कोई भी कार्य बड़े योजनाबद्ध तरीके से करना चाहिए। 13, 14 और 15 जुलाई को आपके पास धन आ सकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन भगवान शिव का अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

सिंह राशि

इस सप्ताह आपके विचारों में थोड़ी तेजी आएगी। अविवाहित जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत उत्तम है। विवाह के नए-नए प्रस्ताव आ सकते हैं। कचहरी के कार्यों में इस सप्ताह असफलता मिल सकती है। अतः सावधान रहें। धन आने का योग है। आपको धन प्राप्त करने हेतु इस सप्ताह विशेष प्रयास करने चाहिए जिससे आपके पास उत्तम धन आ सके। इस सप्ताह आपके लिए 13, 14 और 15 की जुलाई किसी भी कार्य को करने के लिए उत्तम है। 10 जुलाई को आपको कोई भी कार्य बड़े सावधानीपूर्वक करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम 3 बार हनुमान चालीसा का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

कन्या राशि

यह सप्ताह सामान्य रूप से आपके लिए ठीक रहेगा। इस सप्ताह आपकी अपने कार्यालय में प्रतिष्ठा बढ़ेगी। आपके सभी प्रस्तावों को अनुमोदन प्राप्त होगा। भाग्य भी आपका साथ देगा परंतु अत्यधिक परिश्रम करना पड़ेगा। आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। शत्रुओं पर आपको विजय प्राप्त होगी। नए-नए शत्रु बन सकते हैं। इस सप्ताह आपके लिए 10, 15 और 16 जुलाई उत्तम रहेंगे। 11 और 12 जुलाई को आपको अपने कार्यों में अतिरिक्त परिश्रम करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप महामृत्युंजय मंत्र के जाप के साथ भगवान शिव का अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

तुला राशि

तुला राशि के अविवाहित जातकों के लिए यह वर्ष उत्तम है। अगर वे प्रयास करेंगे तो  उनको बड़े अच्छे वैवाहिक संयोग प्राप्त होंगे। इस सप्ताह भाग्य आपका अच्छा साथ देगा। धन आने का सामान्य योग है। कार्यालय में आपको परेशानी हो सकती है। भाई बहनों के साथ संबंध में कुछ तनाव आ सकता है। आपको अपने संतान का सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा। छात्रों की पढ़ाई में बाधा आ सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 11 और 12 जुलाई उत्तम फलदायक हैं। सप्ताह के बाकी दिनों में आपको योजनाबद्ध तरीके से ही कार्य करना चाहिए। अगर आप की योजना ठीक नहीं होगी तो आप अपने कार्यों में असफल हो सकते हैं। इस सप्ताह आपके लिए प्रतिदिन भगवान शिव का पंचाक्षरी मंत्र से अभिषेक किया जाना आवश्यक है। आपके लिए इस सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

वृश्चिक राशि

इस सप्ताह आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। भाग्य से आपको कोई विशेष मदद प्राप्त नहीं होगी। आपको जो भी कार्य करने हैं उसके लिए परिश्रम करना अनिवार्य है। माताजी के स्वास्थ्य थोड़ी तकलीफ आ सकती है।  कार्यालय में आपको कुछ ज्यादा कार्य करना पड़ सकता है। दुर्घटनाओं से सतर्क रहें।  पेट की पीड़ा से सतर्क रहें। इसके लिए 13, 14 और 15 की दोपहर तक का समय  उत्तम फलदायक है। इस अवधि में आप जो भी कार्य करेंगे उसमें आप सफल रहेंगे।  सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सभी कार्य नियम पूर्वक ही करना चाहिए। अन्यथा आप फंस सकते हैं। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप सोमवार का व्रत करें और भगवान शिव का अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

धनु राशि

यह सप्ताह आपके और आपके जीवनसाथी के लिए उत्तम है। भाग्य से आपको सहयोग प्राप्त हो सकता है परंतु यह अत्यंत कम होगा। इस सप्ताह कई बार आपको अपने परिश्रम से ही सफलता प्राप्त होगी। इस सप्ताह आपको चाहिए कि वाहन चलाते समय सावधान रहें। इस सप्ताह आपके लिए 10 तथा 15 जुलाई के दोपहर के बाद से तथा 16 जुलाई लाभदायक हैं। आपको 13, 14 और 15 जुलाई को  सावधान रहकर के ही कार्य करना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

मकर राशि

इस सप्ताह आपको अपने शत्रु पर विजय प्राप्त हो सकती है। दुर्घटनाओं से आप बचेंगे। व्यापार में ग्रोथ नहीं हो पाएगी। धन आने के मार्ग में बाधाएं हैं। जीवनसाथी को शारीरिक पीड़ा हो सकती है। कचहरी के कार्यों में आपको सफलता मिल सकती है।  कार्यालय में आपकी स्थिति सामान्य रहेगी। इस सप्ताह आपके लिए 11 और 12 जुलाई सफलतादायक है। 15 और 16 जुलाई को आपको कोई भी कार्य अत्यंत सतर्क रहकर करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप गाय को हरा चारा खिलाएं। इसके अलावा पूरे सावन भर आपको भगवान शिव का अभिषेक करना चाहिए। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

कुंभ राशि

इस सप्ताह आपको अपने संतान से उत्तम सहयोग प्राप्त होगा। संतान की उन्नति होगी। छात्रों की पढ़ाई उत्तम चलेगी। छात्रों को परीक्षा में सफलता प्राप्त होगी।  कार्यालय में आपकी स्थिति उत्तम रहेगी। आपके और आपके जीवनसाथी के स्वास्थ्य में थोड़ी बहुत परेशानी आ सकती है। इस सप्ताह आपके पास सामान्य धन आएगा।  इस सप्ताह आपके लिए 13, 14 और 15 की दोपहर तक का समय अत्यंत फलदाई है। इस अवधि में आपके सभी कार्य सफल होंगे। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान जी के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का जाप करें। इसके अलावा आपको शनिवार को शनिदेव का दर्शन और पूजन करना चाहिए। इस सप्ताह आपके लिए शुक्रवार का दिन उत्तम है।

मीन राशि

इस सप्ताह आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा। आप की जनता में प्रतिष्ठा बढ़ेगी। अगर आप किसी इलेक्शन में खड़े हो रहे हैं तो जीत भी सकते हैं। छात्रों की पढ़ाई में बाधा आएगी। संतान से आपको कम सहयोग प्राप्त होगा। आपके सभी शत्रु और प्रतिद्वंदी आपसे इस सप्ताह पराजित होंगे। कचहरी के कार्यों में इस सप्ताह ना उलझें तो ठीक रहेगा। आपके पैरों में कष्ट हो सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 10 तथा 15 और 16 जुलाई उत्तम है। फलदायक हैं। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शुक्रवार को मंदिर में जाकर गरीबों के बीच में चावल का दान दें। सप्ताह का शुभ दिन सोमवार है।