शारदीय नवरात्रि 2023: घट स्थापना के नियम और नवरात्रि का दार्शनिक पहलू

पं अनिल कुमार पाण्डेय
प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया
सागर, मध्य प्रदेश- 470004
व्हाट्सएप- 8959594400

इस वर्ष 15 अक्टूबर से 2023 से नवरात्रि पर प्रारंभ हो रहा है जैसा कि इसके नाम से ही स्पष्ट है यह 9 रातों का त्यौहार है। हम सभी जानते हैं कि इस त्यौहार में हम दुर्गा मां और उनके विभिन्न रूपों का अध्ययन करते हैं। मां दुर्गा की आराधना का यह त्यौहार वर्ष में 4 बार आता है। दो बार गुप्त नवरात्रि और दो बार नवरात्रि के रूप में।

विक्रम संवत के वर्ष का प्रारंभ चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की परिवा से होता है और इसी दिन से चैत्र मास की नवरात्रि भी प्रारंभ होती है। ऐसा माना जाता है कि चैत्र शुक्ल पक्ष के नवमी के दिन भगवान राम का धरती पर अवतरण हुआ था। इस नवरात्रि को वासंतिक नवरात्रि कहते हैं।

दूसरी प्रकट नवरात्रि को हम शारदीय नवरात्रि कहते हैं। यह अश्वनी माह के शुक्ल पक्ष के प्रतिपदा से प्रारंभ होता है। इस वर्ष यह 15 अक्टूबर से प्रारंभ हो रही है। पहली गुप्त नवरात्रि आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से तथा दूसरी गुप्त नवरात्रि माघ मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से प्रारंभ होती है। 

घट स्थापना के नियम

  • देवी भागवत के अनुसार अगर अमावस्या और प्रतिपदा एक ही दिन पड़े तो उसके अगले दिन पूजन और घट स्थापना की जाती है।
  • विष्णु धर्म नाम के ग्रंथ के अनुसार सूर्योदय से 10 घटी तक प्रातःकाल में घट स्थापना शुभ होती है।
  • रुद्रयामल नाम के ग्रंथ के अनुसार यदि प्रातःकाल में चित्रा नक्षत्र या वैधृति योग हो तो उस समय घट स्थापना नहीं की जाती है, अगर इस चीज को टालना संभव ना हो तो अभिजीत मुहूर्त में घट स्थापना की जाएगी।
  • देवी पुराण के अनुसार देवी की देवी का आवाहन प्रवेशन नित्य पूजन और विसर्जन यह सब प्रातःकाल में करना चाहिए।
  • निर्णय सिंधु नाम के ग्रंथ के अनुसार यदि प्रथमा तिथि वृद्धि हो तो प्रथम दिन घट स्थापना करना चाहिए।

घट स्थापना का मुहूर्त

उपरोक्त नियमों को ध्यान में रखते हुए हम घट स्थापना के मुहूर्त का शोध करेंगे। नियम  क्रमांक 2 विष्णु धर्म ग्रंथ के अनुसार 10 घड़ी के अंदर घट स्थापना की जानी चाहिए। 15 अक्टूबर को सूर्योदय 6:21 बजे पर होगा, अतः 10 घड़ी 10:21 बजे पर समाप्त होगी। अतः इस नियम के अनुसार घट स्थापना 10:21 बजे के पहले कर लेनी चाहिए ।

15 अक्टूबर को चित्रा नक्षत्र है और नियम तीन के अनुसार घट स्थापना का कार्य चित्रा नक्षत्र में नहीं करना चाहिए। अतः 10:21 बजे तक घट स्थापना करना संभव नहीं है। इसी नियम के अनुसार घट स्थापना का कार्य अभिजीत मुहूर्त में करना चाहिए जो की सागर के पंचांग के अनुसार 11:38 बजे से 12:24 तक है। अतः सागर में घट स्थापना 11:38 बजे से 12:24 बजे दोपहर के बीच में किया जाना चाहिए। अन्य स्थानों के लिए अक्षांश देशांतर के अनुसार समय में थोड़ा सा परिवर्तन होगा।

नवरात्रि का दार्शनिक पहलू

देवी भागवत के अनुसार देवी मां ने सबसे पहले महिषासुर के सेना का वध किया था। उसके बाद उन्होंने महिषासुर का वध किया। महिषासुर का अर्थ होता है ऐसा असुर जोकि भैंसें के गुण वाला है अर्थात जड़ बुद्धि है। महिषासुर का विनाश करने का अर्थ है समाज से जड़ता का संहार करना। समाज को इस योग्य बनाना कि वह नई बातें सोच सके तथा निरंतर आगे बढ़ सके।

समाज जब आगे बढ़ने लगा तो आवश्यक था कि उसकी दृष्टि पैनी होती तथा वह दूर तक देख सकता। अतः तब माता ने धूम्रलोचन का वध कर समाज को दिव्य दृष्टि दी। धूम्रलोचन का अर्थ होता है धुंधली दृष्टि। इस प्रकार माता जी ने धूम्र लोचन का वध कर समाज को दिव्य दृष्टि प्रदान की।

समाज में जब ज्ञान आ जाता है उसके उपरांत बहुत सारे तर्क वितर्क होने लगते हैं। हर बात के लिए कुछ लोग उस के पक्ष में तर्क देते हैं और कुछ लोग उस के विपक्ष में तर्क देते हैं। समाज की प्रगति और अवरुद्ध जाती है। चंड मुंड इसी तर्क और वितर्क का प्रतिनिधित्व करते हैं। माता ने चंड मुंड का संहार कर समाज को बेमतलब के तर्क वितर्क से आजाद कराया।

समाज में नकारात्मक ऊर्जा के रूप में मनो ग्रंथियां आ जाती हैं। रक्तबीज इन्हीं मनोग्रंथियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। जिस प्रकार एक रक्तबीज को मारने पर अनेकों रक्तबीज पैदा हो जाते हैं, उसी प्रकार एक नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त करने पर हजारों तरह की नकारात्मक ऊर्जा पैदा होती है। जिस प्रकार सावधानी से रक्तबीज को मां दुर्गा ने समाप्त किया उसी प्रकार नकारात्मक ऊर्जा को भी सावधानी के साथ ही समाप्त करना पड़ेगा।

नवरात्र के 9 दिन अलग-अलग देवियों की आराधना की जाती है। नवरात्र का हर दिन मां के विशिष्ट स्वरूप को समर्पित होता है और हर स्वरूप की महिमा अलग-अलग होती है। आदिशक्ति के हर स्वरूप से अलग-अलग मनोरथ पूर्ण होते हैं। यह पर्व नारी शक्ति की आराधना का पर्व है।