इंदाैर,(हि.स.)। रणजीत अष्टमी के मौके पर इंदौर के पश्चिम क्षेत्र में स्थित प्राचीन रणजीत हनुमान मंदिर से शुक्रवार तड़के बाबा की विशाल प्रभातफेरी निकाली जा रही है।
कड़ाके की ठंड हाेने के बावजूद इस पावन यात्रा में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे मार्ग में भक्ति का माहौल छा गया। मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती यह यात्रा गंगेश्वर महादेव मंदिर और अन्य प्रमुख स्थानों से होकर वापस मंदिर पर समाप्त होगी।
स्वर्ण रथ पर विराजित बाबा के दर्शन पाने के लिए कड़ाके की ठंड में भी हजारों भक्त उमड़ पड़े हैं। प्रभातफेरी रणजीत हनुमान मंदिर से शुरू होकर द्रविड़ नगर, रणजीत हनुमान रोड, महूनाका चौराहा, अन्नपूर्णा रोड, महावर नगर, उषा नगर चौराहा और दशहरा मैदान के सामने स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर से गुजरते हुए नरेंद्र तिवारी मार्ग और आदित्य नर्सिंग होम के पास से वापस रणजीत हनुमान मंदिर पर संपन्न होगी।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भीड़ अधिक होने से यात्रा 4 घंटे में मात्र 2 किमी का सफर तय कर पाई है। बाबा रणजीत के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।
रैली में महिलाएं पताका लेकर पहुंची हैं और भजनों पर झूम रही हैं। हनुमंत ध्वज पताका ग्रुप ढोल पर शानदार प्रस्तुति दे रहा है।
रास्ते में हनुमान जी की सुन्दर झांकी, कलाकारों की प्रस्तुति, डिजिटल झांकी में दिखाया जा रहा है। रणजीत लोक, ढोल-मंजीरों के साथ चल रही महाकाल मंडलियां मिलकर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना रहे हैं।
गाैरतलब है कि इंदौर के फूटी कोठी रोड पर स्थित रणजीत हनुमान मंदिर मध्य प्रदेश का एक अत्यंत प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है।
आधुनिक शहर की चहल-पहल के बीच यह मंदिर अपनी दिव्यता और गहरी आस्था के कारण दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। प्रतिदिन हजारों भक्त यहां दर्शन के लिए आते हैं, जबकि मंगलवार और शनिवार को विशेष आरती के समय भक्ति का विशाल प्रवाह मंदिर परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देता है।
मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां विराजमान भगवान हनुमान की अद्वितीय और दुर्लभ प्रतिमा है। इस स्वरूप में वे हाथ में तलवार और ढाल लिए वीर मुद्रा में खड़े हैं, मानो किसी महायुद्ध के लिए तैयार हों। प्रतिमा के चरणों में अहिरावण का स्वरूप भी स्थापित है, जो इसे और भी अद्भुत बनाता है।











