Sunday, July 26, 2026
Homeखास खबरकोलकाता में TMC के आईटी सेल इंचार्ज के घर-आफिस में ईडी का...

कोलकाता में TMC के आईटी सेल इंचार्ज के घर-आफिस में ईडी का छापा, फाइल उठाकर निकली CM ममता बनर्जी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आज एन्फोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) मनी लॉन्ड्रिंग केस में पॉलिटिकल कंसल्टेंट फर्म (आई-पीएसी) के ऑफिस और उसके डायरेक्टर प्रतीक जैन के घर पर छापेमारी की।

प्रतीक ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के आईटी सेल के हेड हैं।

पश्चिम बंगाल में कोलकाता सहित 6 व दिल्ली में 4 ठिकानों पर छापेमारी की गई। कोलकाता में प्रतीक छापेमारी के दौरान घर पर ही मौजूद रहे। यह कार्रवाई सुबह 6 बजे से शुरू हुई थी लेकिन करीब 11.30 बजे के बाद मामला बढ़ा।

सबसे पहले कोलकाता पुलिस कमिश्नर प्रतीक के आवास पर पहुंचे।

कुछ समय बाद सीएम ममता बनर्जी खुद लाउडन स्ट्रीट स्थित उनके घर पहुंच गईं। ममता वहां कुछ देर रुकीं। जब बाहर निकलीं तो उनके हाथ में एक हरी फाइल दिखाई दी। इसके बाद वे आई-पीएसी के ऑफिस भी गईं।

उन्होंने कहा गृहमंत्री मेरी पार्टी के दस्तावेज उठवा रहे हैं।

ईडी ने कहा, अहम सबूत अपने साथ ले गई ममता-

ईडी ने कहा कि कोलकाता में आई-पीएसी के ठिकानों पर छापे पूरी तरह सबूतों के आधार पर किए जा रहे हैं। यह किसी राजनीतिक दल या चुनाव से जुड़ा मामला नहीं है।

यह कार्रवाई हवाला, अवैध कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े केस में हो रही है। फिलहाल 10 ठिकानों पर तलाशी ली गई।

6 पश्चिम बंगाल और 4 दिल्ली में। ईडी ने कहा कि सीएम ममता बनर्जी प्रतीक के घर में घुसी और कई अहम सबूत जैसे फिजिकल डॉक्यूमेंट्स और इलेक्ट्रानिक्स डिवाइस अपने साथ ले गईं।

सबूतों से छेड़छाड़ के मामले में ईडी ने भी कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मामले की सुनवाई शुक्रवार को जस्टिस सुवरा घोष की बेंच में होगी। वहीं प्रतीक जैन के परिवार ने शेक्सपीयर सरानी पुलिस स्टेशन में ईडी अधिकारियों के खिलाफ महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस शिकायत कराने का फैसला किया है।

सीएम ममता ने कहा, यह कार्रवाई घटिया,गृह मंत्री करवा रहे-

सीएम ममता ने कहा कि क्या ईडी और अमित शाह का काम पार्टी की हार्ड डिस्क और उम्मीदवारों की सूची जब्त करना है। यह एक घटिया और शरारती गृह मंत्री है, जो देश की सुरक्षा नहीं कर पा रहा है।

मेरी पार्टी के सभी दस्तावेज उठाकर ले गए हैं। एक तरफ वे पश्चिम बंगाल में एसआइआर के जरिए मतदाताओं के नाम हटाने का काम कर रहे हैं। दूसरी तरफ इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।

पीएम अपने गृहमंत्री को कंट्रोल करें-

सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे माफ करें प्रधानमंत्री, कृपया अपने गृह मंत्री को कंट्रोल करें। अगर आप हमसे लड़ नहीं सकते, तो आप बंगाल क्यों आ रहे हैं, हमें लोकतांत्रिक तरीके से हराइए।

आप हमारी एजेंसियों का इस्तेमाल हमारे कागजात, हमारी रणनीति, हमारे वोटर्स, हमारे डेटा, हमारे बंगाल को लूटने के लिए कर रहे हैं। यह सब करके, आपको

जितनी सीटें मिल रही थीं, वे घटकर जीरो हो जाएंगी।

भाजपा ने कहा, ममता ने केंद्रीय एजेंसियों के काम में दखल दिया-

इधर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मैं छापेमारी पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। ममता बनर्जी ने केंद्रीय एजेंसियों के काम में दखल दिया। ममता ने आज जो किया वह जांच में बाधा डालना था। मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

Related Articles

Latest News