Sunday, July 26, 2026
Homeखास खबरभारत फिर बना संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना आयोग का सदस्य

भारत फिर बना संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना आयोग का सदस्य

न्यूयॉर्क (हि.स.)। भारत को संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना आयोग के सदस्य के रूप में फिर चुन लिया गया। आयोग में भारत का मौजूदा कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा था।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने गुरुवार को एक्स पर लिखा, ”भारत को 2025-2026 के लिए संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना आयोग (पीबीसी) के लिए फिर से चुना गया है। संस्थापक सदस्य और प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में भारत वैश्विक शांति और स्थिरता की दिशा में काम करने के लिए पीबीसी के साथ अपना जुड़ाव जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।”

संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना आयोग में 31 सदस्य देश हैं। ये संयुक्त राष्ट्र महासभा, सुरक्षा परिषद और आर्थिक एवं सामाजिक परिषद से चुने जाते हैं। संयुक्त राष्ट्र प्रणाली में शीर्ष वित्तीय योगदान देने वाले देश और शीर्ष सैन्य योगदान देने वाले देश भी इसके सदस्य हैं। भारत संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में वर्दीधारी कर्मियों के रूप में सबसे बड़े योगदानकर्ताओं में से एक है।

संयुक्त राष्ट्र के अभियानों के तहत इस समय भारत के लगभग 6,000 सैन्य और पुलिसकर्मी अबेई, मध्य अफ्रीकी गणराज्य, साइप्रस, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, लेबनान, पश्चिम एशिया, सोमालिया, दक्षिण सूडान और पश्चिमी सहारा में तैनात हैं। शांति अभियानों में लगभग 180 भारतीय शांति सैनिकों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया है, जो योगदानकर्ता के रूप में किसी अन्य देश के मुकाबले अब तक की सबसे अधिक संख्या है।

Related Articles

Latest News