Homeखास खबरभारत का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात बढ़ा, पहली तिमाही में 47 फीसदी की वृद्धि...

भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात बढ़ा, पहली तिमाही में 47 फीसदी की वृद्धि दर्ज

भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इसे ‘मेक इन इंडिया’ की एक सुखद सफलता की कहानी बताया है। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में पिछले वर्ष समान अवधि की तुलना में 47 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां बीते वित्त वर्ष की पहली तिमाही में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 8.43 अरब डॉलर रहा था वही चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में यह निर्यात बढ़कर 12.4 अरब डॉलर हो गया।

इसकी जानाकरी केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अपने सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी। केंद्रीय मंत्री ने लिखा- यह ‘मेक इन इंडिया’ की एक सुखद सफलता की कहानी है, जिसने देश में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। वर्ष 2014-15 में जहां इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन मात्र 31 अरब डॉलर था, वहीं यह अब बढ़कर 133 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।

केंद्रीय मंत्री ने आगे लिखा- इस एक दशक की यात्रा भारत के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक बड़ा कदम रही है। पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार ने विनिर्माण क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई प्रयास किए हैं। परिणामस्वरूप, 2014 में हमारे पास केवल 2 मोबाइल विनिर्माण इकाइयां थीं, जो आज बढ़कर 300 से अधिक हो गई हैं।

उन्होंने कहा कि हमारा देश एक समय पर मोबाइल आयातक हुआ करता था, लेकिन आज हम दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मोबाइल फोन निर्माता बन चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र ने रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा किए हैं। सोलर मॉड्यूल्स, नेटवर्किंग डिवाइसेज़, चार्जर एडेप्टर्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक पुर्ज़ों जैसे उत्पादों ने भी भारत के निर्यात को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई है।

Related Articles

Latest News