Homeखास खबरयुवा बनेंगे डिजिटल एम्बेसेडर- दूरसंचार विभाग देश भर में शुरू की संचार...

युवा बनेंगे डिजिटल एम्बेसेडर- दूरसंचार विभाग देश भर में शुरू की संचार मित्र योजना

भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DOT)  देश भर में संचार मित्र योजना शुरू की है, इस योजना के तहत युवाओं को डिजिटल एम्बेसेडर के रूप में सशक्त बनाया जायेगा। इस योजना की शुरुआत पायलट चरण के तहत चुनिंदा संस्थानों में की गई थी।

संचार मित्र योजना के पायलट चरण में उत्साहवर्धक रुचि और आशाजनक प्रभाव के बाद इसे देशव्यापी कार्यान्वयन के लिए विस्तारित किया गया है। इस योजना के तहत, संचार मित्र के रूप में नामित किए गए छात्र स्वयंसेवकों को डिजिटल सुरक्षा, साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम और ईएमएफ विकिरण संबंधी चिंताओं जैसे प्रमुख दूरसंचार मुद्दों के बारे में जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए सशक्त बनाया जाएगा। साथ ही, मोबाइल के जिम्मेदार इस्तेमाल और डिजिटल साक्षरता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

विस्तारित संचार मित्र योजना का उद्देश्य न केवल जन जागरूकता बढ़ाना है, बल्कि भाग लेने वाले छात्रों को 5जी, 6जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा सहित अत्याधुनिक दूरसंचार तकनीकों से परिचित कराना भी है। निर्धारित प्रशिक्षण, परियोजना में भागीदारी और वास्तविक दुनिया की दूरसंचार पहलों से जुड़ाव के माध्यम से, इस योजना का उद्देश्य डिजिटल रूप से जागरूक, कुशल और अनुसंधान-उन्मुख युवा कार्यबल का निर्माण करना है।

स्थानीय दूरसंचार विभाग की क्षेत्रीय इकाइयों के परामर्श से भागीदार संस्थानों की पहचान की जाएगी और प्रासंगिक शैक्षणिक पृष्ठभूमि – दूरसंचार, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर विज्ञान, साइबर सुरक्षा – के छात्रों को संचार मित्र के रूप में नामित किया जाएगा।

संचार मित्रों को क्षेत्र के विशेषज्ञों और राष्ट्रीय संचार अकादमी-प्रौद्योगिकी (एनसीए-टी) तथा दूरसंचार विभाग के मीडिया विंग के विशेषज्ञों से आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। संचार मित्र जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएंगे, समुदायों और गैर-सरकारी संगठनों के साथ जुड़ेंगे और अपने परिवेश में जागरूक डिजिटल व्यवहार के लिए उत्प्रेरक का काम करेंगे।

उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के लिए, प्रतिभागियों का समय-समय पर नवाचार, निरंतरता और आउटरीच प्रभाव के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को इंटर्नशिप, राष्ट्रीय दूरसंचार परियोजनाओं में भागीदारी, इंडिया मोबाइल कांग्रेस जैसे उच्च-स्तरीय मंचों में भागीदारी और आईटीयू मानकों और नीतिगत कार्यों से जुड़ाव सहित विशेष अवसर प्रदान किए जा सकते हैं।

संचार मित्र योजना के माध्यम से युवाओं की यह रणनीतिक भागीदारी भारत के दूरसंचार अनुसंधान, विकास और विनिर्माण केंद्र बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Latest News