Friday, September 11, 2026
Homeजन-मनजनजातीय अंचल में पहली बार हो रही कृषि कैबिनेट : CM डॉ....

जनजातीय अंचल में पहली बार हो रही कृषि कैबिनेट : CM डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम किसान कल्याण वर्ष मना रहे हैं। इस वर्ष के दौरान हम हर महीने और हर 2–4 दिन में लगातार कृषि आधारित कार्यक्रमों की एक पूरी श्रृंखला को अंजाम दे रहे हैं। इसी तारतम्य में 2 मार्च को बड़वानी जिले के ग्राम नांगलवाड़ी में कृषि कैबिनेट करने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के किसी जनजातीय अंचल में होने वाली पहली कृषि कैबिनेट है। इसका लाभ निमाड़ के साथ पूरे मालवा अंचल को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से नर्मदा वैली के माध्यम से पानी मिला है, खंडवा, खरगौन, बुरहानपुर और बड़वानी का पूरा क्षेत्र एक अलग ही प्रकार की समृद्धि से जाना और पहचाना जा रहा है। इसी आधार पर हमने सबसे पहले निमाड़ में मनाए जाने वाले फाग पर्व भगोरिया को राज्यकीय पर्व के रूप में समाज के साथ मनाने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषि कैबिनेट के साथ वे भगोरिया उत्सव भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जनजातीय अंचल में बड़े आदर और सम्मान का केन्द्र बाबा भीलट देव के मंदिर में बीते समय में हमारी सरकार ने विकास के कई काम कराए थे, जिसे हमने भीलट देव लोक का नाम दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने के लिए मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष में किसानों के साथ ही कृषि कैबिनेट करते हुए हम विभिन्न प्रकार की योजनाओं को नई दिशा देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य के विकास के लिए हम सबका साथ और सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

Related Articles

Latest News