एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी की केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर में 14 खेल विधाओं के 900 प्रतिभागियों को परिषद के महासचिव राजीव गुप्ता व परिषद के पदाधिकारियों ने प्रशस्ति पत्र व स्वल्पाहार सामग्री का वितरण किया।
उल्लेखनीय है कि नगर के सबसे विशाल ग्रीष्मकालीन खेल शिविर में हॉकी, फुटबाल, क्रिकेट, वालीबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, कुश्ती, शरीर सौष्ठव व फिजिकल फिटनेस, ताईक्वांडो, स्केटिंग, शूटिंग, एरोबिक्स व योग का 30 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर के समापन का आयोजन 1 जून को तरंग प्रेक्षागृह में होगा। समापन समारोह में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में 14 खेल विधाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन-तीन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर परिषद के खेल सचिव एससी घोष, सचिव कार्यालय आलोक श्रीवास्तव, प्रबंधक मानव संसाधन पराग मिश्रा व कार्यालय प्रभारी अजय उसकवार सहित सभी खेलों के 40 प्रभारी व प्रशिक्षक उपस्थित थे।
केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासिचव राजीव गुप्ता ने कहा कि इस बार ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर के उत्साहजनक व सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। शिविर में सिर्फ विद्युत परिवार के बच्चे ही नहीं बल्कि नगर के सभी क्षेत्रों के बच्चे इसमें शामिल हुए हैं।
ग्रीष्मकालीन शिविर में प्रतिभागी बच्चे व उनके अभिभावक भी उत्साहित हैं। उनका मानना है कि केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के अनुशासित, सुव्यवस्थित व बेहतर प्रबंधन शिविर में शामिल होकर उन्हें लाभ मिला है।











