एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी ने मध्यप्रदेश पावर अंशदासी कैशलेश स्वास्थ्य योजना में शामिल होने के लिए इच्छुक सेवानिवृत्त कार्मिकों की सुविधा के लिए योजना संबंधी जानकारी व विस्तृत फार्म कंपनी की वेबसाइट पर अपरोड कर दिया है। वेबसाइट पर योजना की समस्त जानकारी अपलोड करने से सेवानिवृत्त कार्मिकों को मुख्यालय शक्तिभवन में आने की जरूरत नहीं होगी और वे घर में बैठकर योजना के बारे में जानकारी ले सकेंगे और फार्म डाउनलोड कर सकेंगे।
पावर मैनेजमेंट कंपनी की वेबसाइट https://www.mppmcl.com/ के होम पेज पर कैशलेश स्कीम का पृथक से टाइटल हेडर बना दिया गया है। पेंशनर्स वहां पर क्लिक कर योजना संबंधी जानकारी व फार्म डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा https://www.mppmcl.com/cashless-scheme लिंक पर जाकर सीधे योजना संबंधी जानकारी व फार्म डाउनलोड किए जा सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि पावर मैनेजमेंट कंपनी के द्वारा 2056 पेंशनर्स के लिए उनके फार्म जमा करने के लिए पूर्व में ही विशेष व्यवस्था कर दी गई है। इस व्यवस्था के अंतर्गत विद्युत मण्डल एवं उसकी उत्तरवर्ती विद्युत कंपनियों से सेवानिवृत्ति के उपरांत एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी से पेंशन व परिवार पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनर्स योजना में शामिल होने के लिए निर्धारित प्रपत्र व विकल्प शक्तिभवन ब्लॉक नंबर 14 में स्थित पावर मैनेजमेंट कंपनी के लेखाधिकारी वेतन व पेंशन कार्यालय में जमा कर सकते हैं।









