मध्य प्रदेश विद्युत परिवार हिन्दी समिति द्वारा हिन्दी महोत्सव 2025 का आयोजन 14 से 17 सितंबर तक किया गया है। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी, मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी, मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी व पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की सहभागिता में चार दिवसीय हिन्दी महोत्सव नए स्वरूप व आकर्षक ढंग से आयोजित होगा।
मध्य प्रदेश विद्युत परिवार हिन्दी समिति के अध्यक्ष एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन व प्रशासन राजीव गुप्ता ने जानकारी दी कि चार दिवसीय हिन्दी महोत्सव में शालेय विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रदर्शनी, कार्यालयीन टीप लेखन, तत्कालिक भाषण व हिन्दी साहित्य, व्याकरण व भाषा विज्ञान पर केन्द्रित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित होगी।
हिन्दी महोत्सव का विशेष आकर्षण आर्यावर्त रंग समूह व समागम रंगमंडल की नाट्य प्रस्तुतियां होंगी। हिन्दी महोत्सव में विख्यात चित्रकार अवधेश बाजपेयी की चित्रकला व छायाकार अजय धाबर्डे की जबलपुर केन्द्रित छायाचित्र प्रदर्शनी संयोजित की गई है।
इन प्रतियोगिताओं में जबलपुर स्थित विद्युत कंपनियों के नियमित व संविदा कार्मिकों के अलावा बाह्यसेवा प्रदाता के माध्यम से नियोजित कार्मिक भी भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को व्यक्तिगत पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान करने का निर्णय लिया गया।









