Sunday, December 7, 2025
Homeजन-मनविकास की नई शुरुआत, 15 ई-रिक्शा और मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानें आवंटित

विकास की नई शुरुआत, 15 ई-रिक्शा और मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानें आवंटित

 (हि.स.)। झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (जेआरडीए) ने शनिवार को धनबाद के बेलगड़िया टाउनशिप में कई विकासात्मक योजनाओं की शुरुआत की। कार्यक्रम में शॉपिंग सेंटर का उद्घाटन, आंगनवाड़ी केंद्र का शिलान्यास, दुकानों के आवंटन आदेश का वितरण और 15 लाभुकों को ई-रिक्शा सौंपे गए।

सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने बताया कि जेआरडीए द्वारा ई-रिक्शा वितरण का यह दूसरा चरण है। नए लाभुक अब अपनी कमाई शुरू कर सकेंगे। साथ ही न्यू मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानों की चाबी सौंपकर लाभुकों को तुरंत कारोबार शुरू करने का अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले बेलगड़िया के लोग कई बुनियादी समस्याओं से जूझते थे, लेकिन अब क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार दिख रहा है। आने वाले समय में और भी योजनाएं लागू की जाएंगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि किसी भी नई बसावट के लिए पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी सुविधाएं बुनियाद होती हैं। उन्होंने कहा कि बेलगड़िया में इन सभी क्षेत्रों में लगातार सुधार किया जा रहा है। आज ई-रिक्शा वितरण और नए मार्केट कॉम्प्लेक्स की दुकानों के आवंटन से स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर मिलेंगे।

हालांकि, कार्यक्रम के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया। लोगों का कहना था कि अब तक उन्हें रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीसीसीएल और जेआरडीए की ओर से कई बार प्रशिक्षण तो दिया गया, लेकिन प्रशिक्षण के बाद किसी को नौकरी नहीं मिली। स्थानीय निवासियों का यह भी कहना था कि केवल ट्रेनिंग देकर उन्हें उम्मीद में रखा जाता है, जबकि रोजगार के वास्तविक अवसर अब भी दूर हैं।

Related Articles

Latest News