Wednesday, April 15, 2026
Homeजन-मनRDVV : प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने कहा राष्ट्र की प्रगति तभी...

RDVV : प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने कहा राष्ट्र की प्रगति तभी संभव है जब समाज में महिलाओं को समान अवसर प्रदान हो

जबलपुर । किसी भी राष्ट्र की प्रगति तभी संभव है जब समाज में महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और नेतृत्व के अवसर प्रदान किए जाएं।

विश्वविद्यालय एक ऐसा मंच बनाने के लिए प्रतिबद्ध है जहां महिलाएं समाज में सार्थक योगदान दे सकें। महिला दिवस का यह उत्सव सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संस्थान के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।

जल्दी कैरियर शुरू करने की सोच छात्राओं के लिए शॉर्ट-टर्म कोर्स बेहतर ऑप्शन हो सकते हैं। ये बात माननीय कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी विभाग में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित महिला शिक्षकों के सम्मान कार्यक्रम एवं पीएम ऊषा कार्यक्रम के तहत आयोजित शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स प्रशिक्षण के शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही।

विश्वविद्यालय में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को एक प्रेरणादायक कार्यक्रम के साथ गर्वपूर्वक मनाया। प्रारंभ में स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. मृदुला दुबे ने महिलाओं को उनके चुने हुए क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए सशक्त बनाने में लचीलेपन, शिक्षा और नेतृत्व की भूमिका पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. अलका नायक ने लैंगिक संवेदनशीलता और आपसी सम्मान को बढ़ावा देने वाली पहलों के समर्थन की बात कही। विशिष्ट अतिथि प्रो. ममता राव ने युवा महिलाओं को जागरूक रहकर और अपने अधिकारों की वकालत करके अपने भविष्य की बागडोर अपने हाथों में लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

विशिष्ट अतिथि प्रो. एस.एस. संधु ने महिला सशक्तिकरण में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में उत्साहपूर्वक बात की। उन्होंने समावेशी समाज के निर्माण में आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।

महिला सम्मान कार्यक्रम-

महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी कुलसचिव प्रो. सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि वैज्ञानिक शोधों के अनुसार, शिशु में मां की ऊर्जा का वास मुख्य रूप से माइटोकॉन्ड्रियल डीएनए के माध्यम से होता है, जो कोशिका का ऊर्जा केंद्र है और केवल मां से ही वंशानुगत रूप में मिलता है। महिला दिवस मनाने का उद्देश्य जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं को पहचानना और सशक्त बनाना है।

आयोजन में मंचासीन अतिथियों द्वारा विवि की वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. अलका नायक, प्रो. ममता राव, प्रो. मृदुला दुबे, डॉ. जया सिंह, डॉ. आशा रानी, डॉ. प्रीति पेंडसे एवं क्रिस्प की सुश्री इरम नाज का शॉल-श्रीफल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।

शार्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स का शुभारंभ-

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन एवं अनुसंधान केन्द्र एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में क्रिस्प भोपाल के सहयोग से कैब ड्राइविंग एवं बेकरी और कन्फेक्शनरी पर 09 से 14 मार्च तक आयोजित शॉर्ट टर्म सर्टिफिकेट कोर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, प्रभारी कुलसचिव प्रो. सुरेन्द्र सिंह, आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. मृदुला मिश्रा, डीआईसी निदेशक प्रो. एस.एस.संधु, प्रो. अलका नायक, प्रो. ममता राव, डॉ. जया सिंह, डॉ. आशारानी, डॉ. प्रीति पेंडसे की मौजूदगी में किया गया।

इस मौके पर क्रिस्प भोपाल से हस्तकला विभाग प्रमुख सुश्री इरम नाज, क्रिस्प मार्केटिंग हेड चेतन सिंह चौहान, हस्तकला विभाग की दिव्या जैन, बेकरी और कन्फेक्शनरी ट्रेनर मुस्कान जैन एवं कैब ड्राइविंग ट्रेनर रोशन आनंद सहित सभी प्रतिभागी छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Latest News