Homeमध्य प्रदेशजबलपुर में आकस्मिक निरीक्षण में अनुपस्थित मिले दो पटवारी निलंबित, दो को...

जबलपुर में आकस्मिक निरीक्षण में अनुपस्थित मिले दो पटवारी निलंबित, दो को कारण बताओ नोटिस

राजस्‍व प्रकरणों में गति लाने के उद्देश्‍य से जिले में पदस्‍थ पटवारियों के उनके पटवारी हल्‍का में शामिल प्रत्‍येक गांव में सप्‍ताह के एक दिन उपस्थिति का समय और दिन नियत करने के बाद अब जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देशानुसार पटवारियों की निर्धारित दिन कार्य स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आकस्मिक निरीक्षण की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।

आकस्मिक निरीक्षण की इस कार्यवाही के दौरान जहां ईमानदारी से अपने कार्य को संपादित करने वाले पटवारियों को कलेक्‍टर की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किये जा रहें हैं वहीं लापरवाह पटवारियों पर अनुशासनात्‍मक कार्यवाही भी की जा रही है। 

इसी सिलसिले में बुधवार को अपर कलेक्टर नाथूराम गोंड, सयुंक्त कलेक्टर धीरेंद्र सिंह एवं सयुंक्त कलेक्टर श्रीमती नदीमा शीरी ने क्रमश: पाटन, शहपुरा और सिहोरा क्षेत्र का भ्रमण कर पटवारियों के निर्धारित कार्यस्थल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कर्त्तव्य से अनुपस्थित मिले दो पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है, वहीं पूरे समय कार्य स्‍थल पर उपस्थित नहीं होने की ग्रामीणों और किसानों से मिली शिकायतों पर दो पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जबाब तलब किया गया है।

इसके साथ ही ऐसे दो पटवारियों को कलेक्‍टर की ओर से प्रशस्ति पत्र भी जारी किये गये हैं जो आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पूरे समय कर्त्तव्य पर उपस्थित होकर पीएम किसान ईकेवायसी, फार्मर रजिस्ट्री, आरओआर, खसरा लिंकिंग और नामांतरण एवं सीमांकन का कार्य संपादित कर रहे थे।

कलेक्‍टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से प्राप्‍त जानकारी के अनुसार जिन पटवारियों को कलेक्‍टर की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किये जा रहे हैं उनमें पाटन तहसील के पटवारी हल्‍का नंबर 45 के पटवारी भरतलाल सेन और पटवारी हल्‍का नंबर 44 की पटवारी श्रीमती तरूण कौर शामिल हैं।

कलेक्‍टर नाथूराम गोंड ने कल बुधवार को सिमरिया एवं नीची पहुंचकर पटवारी मुख्‍यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया था। आकस्मिक निरीक्षण में ये दोनों पटवारी ग्राम पंचायत कार्यालयों में किसानों के साथ बैठ कर पीएम किसान ईकेवायसी, फार्मर रजिस्ट्री, आरओआर, खसरा लिंकिंग निराकरण करते मिले। अपर कलेक्‍टर ने मौके पर मौजूद किसानों और ग्रामीणों से चर्चा कर भी पटवारियों की उपस्थिति की जानकारी ली। किसानों और ग्रामीणों ने दोनों पटवारियों के कार्य प्रणाली को सराहते हुए बताया कि ये दोनों तय दिन मुख्‍यालय पर पूरे समय मौजूद रहकर राजस्‍व प्रकरणों का निराकरण कर रहें हैं। 

पटवारी मुख्‍यालय के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले जिन दो पटवारियों को निलंबित किया गया है उनमें शहपुरा तहसील के पटवारी रामकृपाल नेताम एवं देवीदीन पटेल शामिल हैं। संयुक्‍त कलेक्‍टर धीरेन्‍द्र सिंह द्वारा बुधवार को किये गये आकस्‍मिक निरीक्षण के दौरान ये दोनों पटवारी तय मुख्‍यालय से अनुपस्थित पाये गये थे। इन पटवारियों में रामकृपाल नेताम का बुधवार को मुख्‍यालय ग्राम पंचायत किसरोंद एवं देवीदीन पटेल का मुख्‍यालय ग्राम पंचायत हीरापुर बंधा नियत किया गया था।

संयुक्‍त कलेक्‍टर धीरेन्‍द्र सिंह ने निरीक्षण के दौरान ग्राम वासियों से भी चर्चा की। चर्चा में दोनों गांव के निवासियों ने बताया कि ये पटवारी नियमित तौर पर उपस्थित नहीं होते हैं। दोनों पटवारियों को कर्तव्‍यों के प्रति लापरवाही बरतने एवं अनुशासनहीनता के आरोप में तत्‍काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और निलंबन काल के दौरान उनका मुख्‍यालय तहसील कार्यालय शहपुरा नियत किया गया है।

आकस्मिक निरीक्षण की कार्यवाही में सिहोरा तहसील के दो पटवारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किये गये हैं। संयुक्‍त कलेक्‍टर श्रीमती नदीमा शीरी के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ये दोनों पटवारी हृदयनगर के रवि नामदेव एवं गांधीग्राम के राहुल तिवारी अपने मुख्‍यालय से अनुपस्थित पाये गये थे। ग्रामीणों ने भी चर्चा के दौरान संयुक्‍त कलेक्‍टर को इन दोनों पटवारियों की मुख्‍यालय पर पूरे समय उपस्थित नहीं रहने की शिकायत की थी। दोनों पटवारियों को उनकी इस लापरवाही और अनुशासनहीनता पर कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्‍पष्‍टीकरण प्रस्‍तुत करने के निर्देश दिये गये हैं। तय समय अवधि के भीतर और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर दोनों को एक पक्षीय कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई है।

ये भी पढ़ें

जबलपुर कलेक्टर ने दिए पटवारियों का उपस्थिति रजिस्‍टर संधारित करने के निर्देश, अनुपस्थिति पर ग्रामवासी कर सकेंगे शिकायत

Related Articles

Latest News