MPEBTKS ने एमडी से मिलकर की कार्य के दौरान दिव्यांग हुए संविदा बिजली कर्मी का अनुबंध बढ़ाने की मांग

मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष अजय कश्यप ने मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी से अत्यधिक गंभीर समस्याओं पर चर्चा की।

चर्चा के दौरान संघ पदाधिकारियों ने एमडी को बताया कि 14 दिसंबर 2021 को शंकरगढ़ इंदौर के पास 132 केवी सबस्टेशन के अंदर कार्य के दौरान संविदा परीक्षण सहायक अनूप सिंह परते को करंट लगने के कारण उनके दोनों पैर एवं दाहिना हाथ जल गया था। इसके बाद 25 जनवरी 2022 को अस्पताल में उसके दोनों पैर काट दिए गए थे।

ट्रांसमिशन कंपनी के द्वारा इलाज के लिए 2 लाख 51 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई थी, लेकिन 23 मई 2023 को संविदा कर्मचारी अनूप सिंह परते का अनुबंध आगे नहीं बढ़ाया। प्रबंध संचालक सुनील तिवारी के सामने बैठकर विद्युत कर्मी अनूप सिंह परते की उपस्थिति में उनके विषय में संपूर्ण जानकारी दी गई।

इसके अलावा संघ के द्वारा प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं विशेष कर्तव्य अधिकारी तथा सभी कंपनी प्रबंधनों को 8 सितंबर 2023 को पत्र लिखा गया है। जिसमें संघ द्वारा मांग की गई है कि विद्युत कंपनियों में सेवाकाल के दौरान जो आउटसोर्स, संविदा एवं नियमित कर्मचारी करंट लगकर या किसी भी प्रकार से दुर्घटना होने पर उनके शरीर का अंग काटने से दिव्यांग हो जाते हैं, ऐसे कर्मचारियों के लिए एचआर पॉलिसी बनाई जावे एवं उनके अनुरूप ही अधिकारी कर्मचारी को कार्य दिया जावे।

ट्रांसमिशन कंपनी प्रबंध संचालक सुनील तिवारी के द्वारा हर संभव मदद करने की बात कही गई है।