MPPKVVCL: जबलपुर रीजन के मुख्य अभियंता बने अरविंद चौबे, आरके स्थापक हुए सेवानिवृत्त

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के मुख्य अभियंता जबलपुर क्षेत्र आरके स्थापक एवं मुख्य महाप्रबंधक संचालन संधारण वीके जैन 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए। आरके स्थापक के सेवानिवृत्त होने के बाद मुख्य अभियंता जबलपुर क्षेत्र के पद पर अरविंद चौबे को पदस्थ किया गया है। अरविंद चौबे मुख्य महाप्रबंधक वाणिज्य के पद पर कार्यरत थे।

वहीं अनिल अग्रवाल मुख्य महाप्रबंधक (भंडार एवं क्रय) को मुख्य महाप्रबंधक वाणिज्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है जबकि वी के जैन के सेवानिवृत्त हो जाने पर मुख्य महाप्रबंधक (ओ एंड एम) पद का अतिरिक्त प्रभार संजय भागवतकर मुख्य महाप्रबंधक (कार्य) को सौंपा गया है।

नए मुख्य अभियंता अरविंद चौबे वर्तमान में मुख्य महाप्रबंधक कॉमर्शियल का पदभार संभाल रहे थे। गत दिवस आरके स्थापक के रिटायर होने के बाद कई नामों पर कयास लगाए जा रहे थे। अरविंद चौबे जबलपुर में विभिन्न पदों पर कार्यरत रह चुके हैं और संभावना यह है कि शहर की बिजली व्यवस्था को वे दुरस्त कर सकेंगे। अरविंद चौबे डीई जबलपुर ईस्ट, एसई जबलपुर ग्रामीण, एसई नरसिंहपुर, मुख्य महाप्रबंधक विजिलेंस व कॉमर्शियल जैसे महत्वपूर्ण पद संभाल चुके हैं। अरविंद चौबे ने आज चीफ इंजीनियर जबलपुर क्षेत्र का कार्यभार संभाल लिया।

सेवानिवृत्त होने पर मुख्य अभियंता जबलपुर क्षेत्र आरके स्थापक एवं मुख्य महाप्रबंधक संचालन संधारण वीके जैन को कारपोरेट कार्यालय में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी ने दोनों अधिकारियों को साल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी  कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

विदाई कार्यक्रम में कंपनी के कारपोरेट कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती नीता राठौर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन), संजय भागवतकर मुख्य महाप्रबंधक (कार्य), अनिल अग्रवाल मुख्य महाप्रबंधक (भंडार एवं क्रय), अरविंद चौबे मुख्य महाप्रबंधक (वाणिज्य), मुकुल मेहरोत्रा मुख्य वित्तीय अधिकारी, विपिन धगट चीफ (सी एस एंड ए), जीडी वासनिक मुख्य अभियंता (प्रवर्तन), अशोक धुर्वे मुख्य अभियंता रीवा क्षेत्र एवं विवेक चंद्रा हेड (आईटी) उपस्थित रहे।