राजस्व संग्रहण में बिजली कंपनी के शहर वृत्त ने बनाया रिकॉर्ड, जमा किया 7.85 रुपए प्रति यूनिट राजस्व

मध्य प्रदेश की बिजली कंपनी के शहर वृत्त ने जून माह की खपत के जुलाई में जारी हुए बिल संग्रहण में नया रिकॉर्ड बनाया है। प्रदेश की मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर शहर वृत्त ने जुलाई में राजस्व संग्रहण में रिकॉर्ड बनाया है।

जानकारी के अनुसार गत माह जून में शहर में करीब 35 करोड़ यूनिट बिजली का उपयोग किया गया था। जून माह की खपत के जुलाई में जारी हुए बिल संग्रहण में कुल 276 करोड़ रुपए का नकद राजस्व संग्रहण किया गया है। इस तरह प्रति यूनिट नकद राजस्व संग्रहण 7.85 रुपए के ऊपर पहुँच गया है। इस उपलब्धि पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शहर वृत्त के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है।

इंदौर शहर के अधीक्षण यंत्री मनोज शर्मा ने बताया कि माह में उपभोक्ता सेवाओं, राजस्व संग्रहण के लिए सघनतम प्रयास किए गए। इसी कारण सीएम हेल्प लाइन में ए-ग्रेड मिली साथ ही राजस्व संग्रहण में भी सफलता अर्जित हुई है।