तीव्र हुआ विद्युत कंपनियों के निजीकरण का विरोध, 27 जुलाई को प्रदर्शन कर संयुक्त मोर्चा सौंपेगा ज्ञापन

मध्य प्रदेश विद्युत अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा जबलपुर स्थित विद्युत कंपनियों के मुख्यालय शक्ति भवन बेरियर के समक्ष निजीकरण के विरोध में 27 जुलाई को धरना प्रदर्शन किया जायेगा। इसके पश्चात शाम 5 बजे ज्ञापन सौंपा जायेगा।

संयुक्त मोर्चा मध्य प्रदेश राज्य विद्युत मंडल की सभी कंपनियों में कार्यरत 17 प्रमुख अधिकारी-कर्मचारी संगठनों का महागठबंधन है। संयुक्त मोर्चा ने बताया कि सभी संगठनों ने केंद्र एवं मध्य प्रदेश सरकार को निजीकरण के विरोध में अनेक पत्र लिखे एवं चर्चा की गई मगर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की हठधर्मिता की वजह से मजबूर होकर धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है।

संयुक्त मोर्चा की प्रमुख मांग है कि विद्युत कंपनियों का निजीकरण ना किया जाये। संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाये। बिना शर्त अनुकंपा नियुक्ति दी जाये। आउट सोर्स कर्मियों का विद्युत कंपनियों में संविलियन किया जाये। विद्युत कर्मियों को करोना योद्धा माना जाये।

संयुक्त मोर्चा के अशोक जैन, हरेंद्र श्रीवास्तव, अजय मिश्रा, राजकुमार नायक, एसके सचदेवा, राकेश रमन रैकवार, नितेश मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अरुण मालवीय, अजय कश्यप, जेके कोस्टा आदि ने धरना प्रदर्शन में शामिल होने की अपील सभी वर्गों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से की है।