MPPKVVCL में हुई 52 अधिकारियों की नियुक्ति, मुख्यमंत्री ने 1,329 नवनियुक्त अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण, ऊर्जा विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग तथा कृषि विभाग के 1,329 नवनियुक्त अधिकारियों, कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग में 925 चिकित्सकों को डिजिटल नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

ऊर्जा विभाग में 302, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग में 55 और कृषि विभाग में 47 नियुक्ति पत्र सौंपे।

अब तक कुल 96 हजार 774 पदों पर भर्ती की कार्रवाई की गई है और 48 हजार 231 पदों के नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविंद्र भवन भोपाल में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जबलपुर के 6 लेखा अधिकारी, 42 कनिष्ठ अभियंता (वितरण) एवं 4 कनिष्ठ अभियंता (सिविल) को नियमित पदों पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया। साथ ही बिजली कंपनी के नवनियुक्त अधिकारियों को डिजिटल नियुक्ति पत्र भी जारी किए गए।

सभी नवनियुक्त लेखा अधिकारियों और कनिष्ठ अभियंताओं को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं प्रबंध संचालक अनय द्विवेदी ने हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सौंपे गए दायित्वों को आनंदपूर्वक निभाना चाहिए। राष्ट्र निर्माण का विचार मन में होना चाहिए। यह विचार होना चाहिए कि नागरिकों की जिंदगी बनाने का दायित्व पूरा कर रहे हैं। हमारा जीवन अर्थपूर्ण होना चाहिए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जब जनहित के कार्य करने की तड़प होती है तो शरीर में भी वैसे सकारात्मक भाव और रसायन पैदा होने लगते हैं। बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। तनाव मुक्त होकर अपनी जिम्मेदारियां को पूरा करना ही बेहतर है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पशुपालन एवं डेयरी विकास और ऊर्जा विभाग में भी नवनियुक्त अधिकारियों कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। इन दोनों ही विभागों का विशेष महत्व है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विद्युत प्रदाय सामान्य रखने सहित बिजली की बचत के संबंध में नागरिकों को जागरूक करने के लिए ऊर्जा विभाग के अधिकारी कर्मचारी सक्रिय रहते हैं। पशुपालन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पशुओं के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी को निभाते हैं। प्रदेश में इस क्षेत्र में भी अच्छा कार्य हो रहा है।