फिटनेस और हेल्थ ट्रैकिंग के लिए आमतौर पर स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन Rogbid ने इस कैटेगरी में एक अलग तरह का डिवाइस पेश किया है। कंपनी ने नया Loop W फिटनेस ट्रैकर लॉन्च किया है, जिसकी सबसे खास बात इसका डिस्प्लेलेस डिजाइन है। यानी इसमें कोई स्क्रीन नहीं दी गई है। कंपनी ने इसे लगातार स्क्रीन देखने के बजाय बैकग्राउंड में यूजर की हेल्थ एक्टिविटी मॉनिटर करने के लिए तैयार किया है।
यह डिवाइस हार्ट रेट, ब्लड ऑक्सीजन, स्ट्रेस, नींद और स्किन टेम्परेचर जैसी कई हेल्थ एक्टिविटी को ट्रैक करता है। इसका पूरा डेटा स्मार्टफोन ऐप पर देखा जा सकता है। खास बात यह भी है कि इसमें ECG का फीचर दिया गया है, जिसके जरिए 30 सेकंड में हार्ट रिदम का रिकॉर्ड लिया जा सकता है।
बिना स्क्रीन के खास डिजाइन
Rogbid Loop W में 316 स्टेनलेस स्टील केस दिया गया है और इसमें किसी तरह का डिस्प्ले मौजूद नहीं है। स्क्रीन न होने के कारण कंपनी ने नोटिफिकेशन के लिए वाइब्रेशन मोटर का इस्तेमाल किया है। फोन कॉल, मैसेज और ऐप नोटिफिकेशन आने पर डिवाइस वाइब्रेशन के जरिए अलर्ट करता है। स्मार्टफोन से कनेक्टिविटी के लिए Bluetooth 5.3 दिया गया है। इसे इस्तेमाल करने के लिए Android 9.0 या इसके बाद के वर्जन वाले फोन अथवा iOS 10.0 या उससे ऊपर के डिवाइस की जरूरत होगी।
हेल्थ ट्रैकिंग में मिलेंगे कई फीचर्स
Rogbid Loop W में JL7073 प्रोसेसर और Goodix GH3228 हार्ट रेट सेंसर लगाया गया है। यह डिवाइस लगातार हार्ट रेट और ब्लड ऑक्सीजन यानी SpO2 की निगरानी करता है। इसके अलावा हार्ट रेट वैरिएबिलिटी यानी HRV और रोजाना के स्ट्रेस लेवल को भी ट्रैक किया जाता है। डिवाइस पूरे दिन स्किन टेम्परेचर की निगरानी कर सकता है, जबकि रात में यह नींद के अलग-अलग स्टेज को मॉनिटर करता है। इस तरह यूजर को अपनी रोजाना की हेल्थ और एक्टिविटी का डेटा ऐप के जरिए एक जगह मिल जाता है।
30 सेकंड में ECG रिकॉर्ड करने का दावा
Loop W का एक खास फीचर इसका ECG सपोर्ट है। कंपनी के मुताबिक, यूजर सिर्फ 30 सेकंड में ECG माप लेकर हार्ट रिदम से जुड़ा डेटा रिकॉर्ड कर सकता है। ट्रैकर से मिलने वाला हेल्थ डेटा Rogbid के मोबाइल ऐप के साथ सिंक होता है और यही ऐप डिवाइस का मुख्य विजुअल इंटरफेस है। यानी ट्रैकर पर स्क्रीन न होने के बावजूद यूजर फोन में अपने हेल्थ मेट्रिक्स को विस्तार से देख सकता है। इसमें Family Care फीचर भी दिया गया है, जिसकी मदद से यूजर अपने हेल्थ डेटा को अधिकृत परिवार के सदस्यों के साथ दूर से शेयर कर सकता है।
5 ATM वाटर रेसिस्टेंस से लैस
फिटनेस एक्टिविटी को ट्रैक करने के लिए Loop W में SC-7A20H G-sensor दिया गया है। यह सेंसर अलग-अलग स्पोर्ट्स मोड के दौरान यूजर की मूवमेंट को रिकॉर्ड करने में मदद करता है। डिवाइस को 5 ATM वाटर रेसिस्टेंस रेटिंग मिली है। इसका मतलब है कि इसे रोजमर्रा में पानी के संपर्क, हाथ धोने और बारिश जैसी परिस्थितियों में इस्तेमाल किया जा सकता है। उथले पानी में तैराकी के दौरान भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है, हालांकि वाटर रेसिस्टेंस के बावजूद लंबे समय तक पानी में इस्तेमाल के लिए निर्माता के निर्देशों का ध्यान रखना जरूरी है।
एक चार्ज में 30 दिन तक बैटरी
बैटरी के मामले में Rogbid Loop W में 150mAh की बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि सामान्य इस्तेमाल में यह डिवाइस एक बार चार्ज करने पर 25 से 30 दिन तक चल सकता है। वहीं स्टैंडबाय मोड में बैटरी लाइफ 60 दिन तक बताई गई है। इसे फुल चार्ज होने में करीब एक घंटे का समय लगता है। चार्जिंग के लिए बॉक्स में मैग्नेटिक चार्जिंग केबल दी गई है। लंबे बैटरी बैकअप की वजह से यूजर को बार-बार डिवाइस चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कीमत और कलर ऑप्शन
Rogbid Loop W को कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर 59.99 डॉलर की कीमत में लाया गया है। इसे Tech Black और Moonlight Silver कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकता है। कंपनी ने इसके साथ ZenRing और Model R3T स्मार्टवॉच भी पेश की है। ZenRing में हैप्टिक अलर्ट, टच कंट्रोल और हेल्थ ट्रैकिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं, जबकि Model R3T में फुल Android, 4G LTE, पॉप-अप कैमरा और 1,100mAh बैटरी दी गई है। Loop W खास तौर पर उन यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया गया है, जो बिना स्क्रीन के लगातार हेल्थ मॉनिटरिंग वाला डिवाइस चाहते हैं।











