Homeमध्य प्रदेशबरगी बांध के 9 गेट खुले, जबलपुर में पांच फीट तक बढ़ा...

बरगी बांध के 9 गेट खुले, जबलपुर में पांच फीट तक बढ़ा नर्मदा नदी का जल स्तर

जबलपुर के रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना के बरगी बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने इस सीजन में पहली बार आज रविवार को दोपहर लगभग 12 बजे  इसके 21 में से 9 स्पिल-वे गेट औसतन 1.33 मीटर की ऊंचाई तक खोल दिये गये हैं और इनसे 52 हजार 195 क्यूसेक (घनफुट पानी प्रति सेकंड) पानी छोड़ा जा रहा है।

कार्यपालन यंत्री बरगी बांध राजेश सिंह गौंड के अनुसार खोले गये नौ गेट में से गेट नम्बर दस, ग्यारह और बारह को दो-दो मीटर, गेट नम्बर नौ और तेरह को डेढ़-डेढ़ मीटर, गेट नम्बर आठ और चौदह को एक-एक मीटर तथा गेट नम्बर सात और पंद्रह को आधा-आधा मीटर की ऊंचाई तक खोला गया है।

उन्होंने बताया कि बांध में आवक को देखते हुये  कभी भी इससे पानी निकासी की मात्रा घटाई या बढ़ाई जा सकती है। बरगी बांध के कार्यपालन यंत्री के अनुसार आज रविवार को दोपहर ग्यारह बजे बांध का जल स्तर 417.40 मीटर रिकार्ड किया गया था और इस समय इसमें लगभग 98 हजार 741 क्युसेक पानी प्रवेश कर रहा था।

कार्यपालन यंत्री ने बाँध के निचले क्षेत्र के निवासियों से नर्मदा तट से सुरक्षित दूरी बनाये रखने तथा डूब क्षेत्र में प्रवेश न करने की अपील करते हुये बताया कि बांध से पानी छोड़ने से नर्मदा नदी का जल स्तर चार से पांच फीट तक बढ़ सकता है।

Related Articles

Latest News