जबलपुर। शहर के व्यस्ततम गुरंदी कबाड़ बाजार में रविवार 5 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे अचानक लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। एक कबाड़ दुकान से शुरू हुई चिंगारी ने देखते ही देखते आसपास की 3 से 4 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया और लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद विभाग की टीम 6 दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंची.
फायर फाइटर्स ने कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूर्णत: नियंत्रण पाया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है, हालांकि दुकानों में रखा लाखों रुपये का माल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है।
अधिकारियों के अनुसार फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है. शासन द्वारा नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। रविवार का दिन होने के कारण बाजार में भारी भीड़ थी, समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़ी अनहोनी टल गई।











