Thursday, April 30, 2026
Homeमध्य प्रदेशरीवा में रिटायर्ड पटवारी को संपत्ति विवाद पर तीसरी पत्नी के बेटे...

रीवा में रिटायर्ड पटवारी को संपत्ति विवाद पर तीसरी पत्नी के बेटे ने जमकर पीटा, हो गई मौत

रीवा । मध्य प्रदेश के रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह और संपत्ति के लालच ने रिश्तों का कत्ल कर दिया।

यहां एक 90 वर्षीय रिटायर्ड पटवारी, राम रतन वर्मा को उनके ही बेटे ने मारपीट करके गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई है।

आरोपी बेटा उनकी तीसरी पत्नी का पुत्र बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

मामला बिछिया थाना क्षेत्र के सिलपरा गांव का है। शनिवार 10 जनवरी की देर शाम घर के भीतर संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हुआ। मृतक राम रतन वर्मा राजस्व विभाग से रिटायर्ड पटवारी थे।

उनकी तीन पत्नियां थीं। जानकारी के अनुसार, राम रतन ने अपनी तीनों पत्नियों को एक ही घर में रखा था। सबके रहने के लिए आंगन और दरवाजे अलग-अलग बने थे।

मृतक के पहली पत्नी के पुत्र मूलसजीवन ने बताया कि बीते शनिवार की शाम को तीसरी पत्नी के बेटे महेंद्र वर्मा का पिता से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि महेंद्र ने आपा खो दिया।

90 वर्षीय बुजुर्ग पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद घायल राम रतन वर्मा को आनन-फानन में संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया।

उनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद घाव इतने गहरे थे कि उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हो गई थी।

Related Articles

Latest News