एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शक्तिभवन स्थित केन्द्रीय ग्रंथालय में महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण विषय पर एक सेमीनार का आयोजन किया गया। सेमीनार में सेबी व सलाहकार संगठन की टीम द्वारा महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण (Financial Empowerment of Women) की अवधारणा की जानकारी उपस्थित महिला अधिकारियों व कार्मिकों को दी गई।
इस अवसर मुख्य अतिथि के रूप में पावर मैनेजमेंट कंपनी की सेवानिवृत्त मुख्य महाप्रबंधक रीता खेत्रपाल, मीता मेहरोत्रा, महिला समिति की अध्यक्ष व पावर मैनेजमेंट कंपनी चिकित्सालय की डॉ. अनिता वर्मा, उप महाप्रबंधक कविता तिवारी, प्रोग्रामर मीनल गुप्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट अमरीन खान, निशी जैन सहित अन्य महिला अधिकारी व कार्मिक उपस्थित थीं।
वित्तीय विशेषज्ञ योगेश जॉली ने महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण विषय पर एक प्रजेन्टेशन देकर समझाया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए वित्तीय संसाधनों, ज्ञान और अवसरों तक पहुंच सुनिश्चित करना जरूरी है ताकि वे अपनी आर्थिक स्थिति को बेहतर बना सकें और समाज में समान रूप से उनकी भागीदारी संभव हो सके।
महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता क्यों है जरूरी
वित्तीय विशेषज्ञ योगेश जॉली ने सेमीनार में कहा कि महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने कहा कि महिला के सम्पूर्ण जीवन में वित्तीय लक्ष्य और वित्तीय अनुशासन की आवश्यकता होती है। वित्तीय विशेषज्ञ ने बचत और निवेश के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि विवाह, सपनों का घर, सपनों की कार, छुट्टियाँ और रिटायरमेंट जैसे महत्वपूर्ण वित्तीय लक्ष्यों के लिए बेहतर योजना कैसे बनायी जाए। सेमीनार में उपस्थित महिला कार्मिकों को स्वास्थ्य बीमा व व्यवस्थित निवेश योजना की जानकारी दी गई।
वित्तीय सशक्तिकरण से लैंगिक समानता को बढ़ावा
सेमीनार की मुख्य अतिथि रीता क्षेत्रपाल ने कहा कि महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण से लैंगिक समानता को बढ़ावा मिलता है, क्योंकि महिलाएं समाज में समान रूप से भागीदारी करती हैं। महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण से आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलता है। महिलाओं का वित्तीय सशक्तिकरण एक महत्वपूर्ण मुद्दा है जो महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है और समाज के विकास में भी योगदान कर सकता है।
महिला दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यशाला में उपस्थित महिला कार्मिकों ने केक काट कर हर्ष व्यक्त किया। उपस्थित महिला कार्मिकों को आयोजन समिति की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन लेखाधिकारी आकृति अग्रवाल द्वारा किया गया।
विशेष हेल्थ स्क्रीनिंग कैम्प का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी चिकित्सालय में महिलाओं के लिए विशेष हेल्थ स्क्रीनिंग का दो दिवसीय कैम्प का आयोजन किया गया, जिसका बड़ी संख्या में विद्युत परिवार की महिलाओं द्वारा लाभ उठाया गया।











