कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी शहर के एनकेजे थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा घाट के पास रविवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। उनके वाहन की अज्ञात वाहन के टक्कर मारने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक आपस में चाचा-भतीजे बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड नया गांव निवासी 19 वर्षीय सुनील भूमिया और 18 वर्षीय राहुल भूमिया अपनी मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 21 जेडजे 0382 से रात को कटनी आ रहे थे। नयागांव में परिवार में ही पूजा और एक युवक का जन्मदिन था। दोनों जन्मदिन मनाने के बाद शहर की ओर जा रहे थे।
रात 12 बजे के लगभग बाबा घाट के समीप उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे हादसे का शिकार हो गए। वहीं लोगों का कहना है कि किसी वाहन की टक्कर लगने से दुर्घटना हुई। दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं।











