जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर के मदन महल पहाड़ी स्थित भैरो नगर बड़ा पत्थर क्षेत्र में शनिवार 7 मार्च से अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस का संयुक्त दल पहुंचा। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण भी हो गया।
650 अतिक्रमण हटाने का लक्ष्य
प्रशासन के अनुसार मदन महल पहाड़ी क्षेत्र में कुल 650 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि शनिवार को 22 अतिक्रमणों को चिह्नित किया गया है और इन्हें हटाने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
लोगों ने मांगी मकान खाली करने की मोहलत
कार्रवाई के दौरान कई स्थानीय लोग अपने घरों को खाली करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग करते नजर आए। एसडीएम अनुराग सिंह ने लोगों को समझाइश देते हुए कहा कि उन्हें तेवर में विस्थापित किया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग मकान खाली करने के लिए मोहलत मांगते रहे। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है।











