भोपाल,(हि.स.)। मध्य प्रदेश में इस सप्ताह सर्दी करवट बदलने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि 5 या 6 दिसंबर से प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो जाएगा। हिमालयी क्षेत्रों पर सक्रिय होने जा रहा नया पश्चिमी विक्षोभ बर्फबारी बढ़ाएगा, जिसका सीधा असर प्रदेश के मैदानी इलाकों पर पड़ेगा। बर्फ से लदी हवाएं यहां तक पहुंचेंगी और शीतलहर जैसे हालात बनेंगे। विभाग का अनुमान है कि मंगलवार से रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट दर्ज हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर में पड़ी असामान्य ठंड की लहर दिसंबर, जनवरी और फरवरी तक असर दिखाएगी। इसका संकेत रविवार-सोमवार की रात ही मिल गया, जब भोपाल और इंदौर सहित प्रदेश के छह जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया।
बड़े शहरों में सबसे ठंडा इंदौर रहा, जहां पारा 8.2 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। भोपाल में यह 9.4 डिग्री, जबकि ग्वालियर और उज्जैन में 12 डिग्री तथा जबलपुर में 11.8 डिग्री दर्ज हुआ। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में सर्दी सबसे तीखी रही और तापमान 6.8 डिग्री तक गिर गया। राजगढ़ में 8.2 डिग्री, जबकि रीवा और नौगांव में 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए। शिवपुरी, बैतूल, खजुराहो, खंडवा, दतिया और छिंदवाड़ा में भी पारा 12 डिग्री के नीचे रहा।
प्रदेश में दिन के तापमान में भी सोमवार को गिरावट देखी गई। बालाघाट के मलाजखंड में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा दिन रहा। पचमढ़ी और शिवपुरी में 24.2 डिग्री, सिवनी में 24.6, बैतूल में 24.8, नरसिंहपुर में 25, टीकमगढ़ में 25.2 जबकि भोपाल और धार में 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री रहा।











