मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी प्रबंधन के दावों को खोखला बताते हुए कहा कि 13 सितंबर 2024 को नौगांव में सुधार कार्य के दौरान करंट लगने से मृत हुए लाइन कर्मी मोहम्मद सलीम के परिजनों को आज तक अनुग्रह राशि नहीं दी गई है।
हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन को 11 अप्रैल 2025 को पत्र लिखकर ध्यानाकर्षण कराया गया कि 13 सितंबर 2024 को नौगांव के कनिष्ठ अभियंता के द्वारा 11 केवी लाइन का डंपर जल जाने पर सुधार कार्य के लाइन कर्मी मोहम्मद सलीम को आदेशित किया गया था।
लाइन कर्मी पोल पर चढ़कर सुधार कार्य कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आने से बुरी तरह जल गया था। लाइन कर्मी की इलाज के दौरान 8 अक्टूबर 2024 को मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में तकनीकी कर्मचारी संघ द्वारा छतरपुर की कार्यपालन अभियंता से चर्चा कर कहा गया था कि मृत्यु के उपरांत तत्काल 24 घंटे के अंदर दाह संस्कार के लिए अनुग्रह राशि दी जाती है किंतु उनके द्वारा आज तक अनुग्रह राशि नहीं दी गई।
संघ के अजय कश्यप, राजकुमार सैनी, मोहन दुबे, लखन सिंह राजपूत, विनोद दास, इंद्रपाल सिंह, शशि उपाध्याय, दशरथ शर्मा, मदन पटेल, संदीप यादव, प्रदीप पांडे, पीएन मिश्रा, राकेश नामदेव, अमीन अंसारी आदि ने पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि लाइन कर्मी के परिवार को यथाशीघ्र अनुग्रह राशि दी जावे।










