Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी की आर्थिक राजधानी इंदौर की विद्युत व्यवस्था हुई सुदृढ़, स्थापित हुआ...

एमपी की आर्थिक राजधानी इंदौर की विद्युत व्यवस्था हुई सुदृढ़, स्थापित हुआ 50 MVA का पावर ट्रांसफार्मर

मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने इंदौर शहर में गर्मी के मौसम में बढ़ने वाली विद्युत मांग को ध्‍यान में रखते हुये, अपने 220 केवी सब-स्‍टेशन साउथ जोन में 50 एमवीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्‍थापित कर उसे ऊर्जीकृत किया है।

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर को स्‍थापित करने की अनुमानित लागत 315 लाख रुपये है, यह कदम इंदौर में गर्मीयों के दौरान विद्युत आपूर्ति को अधिक सुदृढ़ और विश्‍वसनीय बनाने की दिशा में उठाया गया है। इस अतिरिक्‍त व्‍यवस्‍था से इंदौर शहर के लगभग 50 हजार विद्युत उपभोक्‍ताओं को गुणवत्‍तापूर्ण और सतत् बिजली आपूर्ति संभव हो सकेगी। 

इंदौर के इन क्षेत्रों को मिलेगा फायदा

एमपी ट्रांसको इंदौर के अधीक्षण अभियंता जयेश चौपड़ा ने जानकारी दी कि इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से 220 केवी सब-स्‍टेशन साउथ जोन की कुल क्षमता बढ़कर 906 एमवीए की हो गई है। यह प्रदेश में इंदौर क्षेत्र के पीथमपुर सब-स्‍टेशन के साथ ऐसा दूसरा सब-स्‍टेशन है जहां 132/33 केवी क्षमता के 5 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील है।

जयेश चौपड़ा ने बताया कि एमपी ट्रांसको की इस नई व्‍यवस्‍था से इंदौर के राजेन्‍द्र नगर, नवलखा, डेली कालेज, पीथमपुर, पब्लिस पागा, राउ, सब्‍जी मंडी क्षेत्रों को लाभ होगा। 

इंदौर शहर की ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी में बढ़ोतरी

इस पावर ट्रांसफार्मर के स्‍थापना के बाद इंदौर शहर की कुल ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी में भी बढोतरी हुई है जो अब बढ़कर 3336 एमवीए की हो गई है। इंदौर शहर में एमपी ट्रांसको अपने 400 केवी के एक सब-स्टेशन इंदौर, 220 केवी के तीन सब-स्टेशन साउथ जोन इंदौर, इंदौर ईस्‍ट बिचौली, मांगलिया तथा 132 केवी के आठ सब-स्टेशन सत्‍यसांई, इलेक्ट्रिानिक्‍स कॉम्‍पलेक्‍स, निरंजनपुर, राउखेडी, महालक्ष्‍मी नगर जीआईएस, इंदौर पश्चिम, (नवदापंथ) तथा राऊ एकस्‍ट्रा हाईटेंशन सबस्‍टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है, जिनकी कुल क्षमता 3336 एमवीए की है।   

एमपी ट्रांसको की ट्रांसफारमेशन कैपेसिटी हुई 82011 एमवीए

मध्य प्रदेश में एमपी ट्रांसको अपने 417 सब-स्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है। इस क्षमता वृद्धि से मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी की कुल ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर 82011 एमवीए की हो गई है जिसमें 132 केवी में 36541 एमवीए, 220 केवी में 33590 एमवीए एवं 400 केवी में 11880 एमवीए क्षमता शामिल है। प्रदेश में एमपी ट्रांसको के कुल 1029 पावर ट्रांसफार्मर क्रियाशील है।

Related Articles

Latest News