विषम परिस्थितियों में भी भरोसेमंद विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित रखने वाले पावर सेक्टर की महत्वपूर्ण कड़ी लाइनमैन के योगदान को मान्यता देकर आदर-भावना प्रकट करने मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी में आज 4 मार्च को राष्ट्रीय लाइनमैन एवं राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मनाया गया।
इसके तहत जबलपुर सहित एमपी ट्रांसको के 40 ट्रांसमिशन लाइन मेंनटेनेंस कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर प्रदेश के लाइनमैनों को सम्मानित किया गया एवं सभी ने जीरो हार्म थीम पर सुरक्षा शपथ ली।
जबलपुर मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता डीके अग्रवाल और आरएस पांडेय की उपस्थिति में 90 लाइनमैनों को सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय लाइनमैन एवं राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के अवसर पर अपने संदेश में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने कहा है कि संपूर्ण प्रदेश में एमपी ट्रांसको की ट्रांसमिशन लाइनों के देखरेख के लिये लाइन मेंटेनेन्स कर्मी 24X7 सजगता से अपना कार्य निष्पादित करते हैं।
एमडी सुनील तिवारी ने कहा कि पूरे प्रदेश में सतत् रूप से निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित रखने का परिणाम है कि एमपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी देश की सर्वश्रेष्ठ कंपनियों में से एक बनी हुई है। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय ट्रांसमिशन कार्मिकों को देते हुये उन्हें प्रथम पंक्ति में रखा और कहा कि संपूर्ण मनोयोग से जटिल भौगोलिक एवं विपरीत जलवायु परिस्थितियों की चुनौतियों को सहज भाव से स्वीकार करते हुए हमारे मैदानी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।
लाइनमैनों ने प्रस्तुत किया आर्कषक कविता पाठ
इस अवसर पर लाइनमैन दिलदार चौधरी, योगेश धुर्वे, चिंतामन कोरी आदि ने कविता के माध्यम से लाइनमैनों के कार्यों, चुनौतियों और उनकी जिम्मेदारियों का आर्कषक तरीके से उल्लेख किया। साथ ही लाइनमैनों के लिये सुरक्षा संबंधी प्रश्नोंत्तरी भी आयोजित की गई। कार्यक्रम का संचालन आरके दीक्षित एवं जितेन्द्र तिवारी ने किया, प्रबंध संचालक के संदेश का वाचन एमके रघुवंशी एवं आभार प्रर्दशन एपीएस चौहान ने किया।











