कहते हैं मुश्किल के समय जब चारों तरफ से कोई उम्मीद नज़र न आ रही हो, तब भगवान किसी न किसी फरिश्ते को मदद के लिए अवश्य भेजता है। कांगड़ा जिला के इंदौरा स्थित मंड में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है। मंड क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं, ऐसे में कई लोग बाढ़ में फंसे हुए हैं।
इस बीच एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर खुद बच्चों को गोद में लेकर बाढ़ से निकालने के कार्य में जुटे हैं। एसडीए बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में एनडीआरएफ और अन्य बचाव दल की टीमों के साथ मिलकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। स्थानीय निवासी रमेश कालिया का कहना है कि एसडीएम इंदौरा ने इस मुश्किल की घड़ी में अच्छी इंसानियत का परिचय दिया है।
वहीं समाजसेवी मंगल सिंह कहते हैं कि उन्होंने अफसरों को ज्यादातर दूर से आदेश देते देखा है, लेकिन एसडीएम इंदौरा को जब खुद बच्चों को उठाते देखा, तो ऐसा लगा कि वह अकेले नहीं है।











