हनुमान जयंती के अवसर पर आज पूरे देश में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में जबलपुर के प्राचीन श्री सिद्ध दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में सुबह भोर होते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
यह मंदिर हनुमान गढ़ी, खारीघाट गौरीघाट क्षेत्र में स्थित है और अपनी विशेष मान्यता के कारण संस्कारधानी के लोगों की गहरी आस्था का केंद्र बना हुआ है। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर भारत में बहुत कम देखने को मिलते हैं, इसलिए इसकी खास धार्मिक महत्ता है। मान्यता है कि दक्षिणमुखी हनुमान जी रुद्र रूप में विराजते हैं और उनकी प्रतिमा में विशेष तेज होता है, जिसका उल्लेख धार्मिक ग्रंथों में भी मिलता है।
इस मंदिर में विराजमान सिद्ध दक्षिणमुखी हनुमान जी के चमत्कारों की कई कथाएं प्रचलित हैं, जिसके कारण यह मंदिर न सिर्फ मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश में प्रसिद्ध है।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर यहां विशेष पूजा-अर्चना, हवन और भंडारे का आयोजन किया गया। दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही और हर तरफ “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारे गूंजते रहे।
इस खास मौके पर पल पल इंडिया के डायरेक्टर कमलेश गुप्ता भी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे। इस दौरान पल पल इंडिया टीम ने मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और पुजारी से बातचीत कर इस भव्य आयोजन की जानकारी ली।











