Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी के कई जिलों में 4-5 मई को लू का अलर्ट, 6...

एमपी के कई जिलों में 4-5 मई को लू का अलर्ट, 6 और 7 को बूंदाबांदी की संभावना

भोपाल (हि.स.)। प्रदेश में इन दिनों तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। कई शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। आज यानि शुक्रवार को भी गर्मी का असर रहेगा, जबकि 4-5 मई को ग्वालियर, खरगोन, खंडवा, दतिया समेत 10 जिलों में लू, यानी गर्म हवाएं चलने का अलर्ट है। वहीं, 6 और 7 मई को प्रदेश के पूर्वी हिस्से में हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ईरान की ओर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। इस वजह से 6 और 7 मई को पूर्वी मध्यप्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि 4 और 5 मई को ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, खरगोन और खंडवा में लू चल सकती है। इससे पहले गुरुवार को नरसिंहपुर सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 41.8 डिग्री रहा। सीधी में 40 डिग्री, धार में 40.2 डिग्री, खंडवा में 40.5 डिग्री, खरगोन में 41 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों में की बात करें, तो भोपाल में 37.8 डिग्री, इंदौर में 37.8 डिग्री, ग्वालियर में 36.5 डिग्री, जबलपुर में 37.7 डिग्री और उज्जैन में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मई में इन जिलों में बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग की मानें, तो ग्वालियर, छतरपुर, नरसिंहपुर, निवाड़ी, मैहर, टीकमगढ़, भिंड, दतिया, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, मुरैना, राजगढ़, रायसेन, शाजापुर, श्योपुरकलां, शिवपुरी और विदिशा जिलों में तापमान 45 डिग्री या इससे ज्यादा रहने का अनुमान है। इनमें ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ मालवा-निमाड़ के कुछ शहरों में भी तेज गर्मी रहेगी। छतरपुर के खजुराहो और नौगांव में पारा 48 डिग्री तक पहुंच सकता है। भोपाल में टेम्प्रेचर 44 से 45 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी पारा इतना रह सकता है। बड़े शहरों में ग्वालियर में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। यहां पारा 47 डिग्री के बीच पहुंचने का अनुमान है।

Related Articles

Latest News