Friday, July 31, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत की पहली किस्त लेते पंचायत...

एमपी में लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत की पहली किस्त लेते पंचायत सचिव को रंगे हाथों पकड़ा

जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने खडोला पंचायत कार्यालय में ग्राम पंचायत के सचिव शुभराज सोनी पुत्र राम भुवन सोनी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।

लोकायुक्त एसपी संजय साहू ने बताया कि ग्राम चनहटा जिला कटनी निवासी बल्लू पिता बसोरी यादव उम्र 45 वर्ष ने ग्राम पंचायत खडौला में पटवारी हल्का नंबर 16 का खसरा नंबर 461 में 1084.61 वर्ग मीटर पर निर्माण कार्य कराया गया है। इस प्रापर्टी पर लोन लेने के लिए बल्लू यादव को ग्राम पंचायत सचिव शुभराज सोनी से एनओसी चाहिए थी। बल्लू ने जब एनओसी के लिए संपर्क किया तो शुभराज सोनी द्वारा 35 हजार रुपए रिश्वत की मांग की, दोनों के बीच हुई बातचीत के बाद शुभराज सोनी 21 हजार रुपए लेने के लिए तैयार हो गया।

बल्लू ने इस बात की शिकायत एसपी लोकायुक्त जबलपुर संजय साहू से की, इसके बाद आज दस हजार रुपए की पहली किश्त लेकर बल्लू यादव पंचायत आफिस पहुंचा और शुभराज सोनी को दस हजार रुपए की पहली किश्त दी। जैसे ही शुभराज सोनी ने रुपए लेकर अपने पास रखे तभी लोकायुक्त डीएसपी श्रीमती नीतू त्रिपाठी, इंस्पेक्टर मंजू किरण तिर्की, इंस्पेक्टर नरेश बेहरा एवं 05 अन्य दल सदस्य ने दबिश देकर पंचायत सचिव शुभराज सोनी को रंगे हाथ पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम के हत्थे चढ़ते ही शुभराज सोनी स्तब्ध रह गए। लोकायुक्त टीम ने शुभराज सोनी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा-7ए के अंतर्गत कार्यवाही की है।

Related Articles

Latest News