Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशअतिशेष प्रशिक्षण अधिकारियों को अन्य व्यवसायों में समायोजित करने के निर्देश

अतिशेष प्रशिक्षण अधिकारियों को अन्य व्यवसायों में समायोजित करने के निर्देश

कौशल विकास एवं रोजगार संचालनालय में पदस्थ अतिशेष एवं बंद हुए व्यवसायों के प्रशिक्षण अधिकारियों को उनकी योग्यता के आधार पर अन्य व्यवसायों में समायोजन का अवसर प्रदान करने के लिये कार्य-योजना बनायें। कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने यह निर्देश विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान दिये।

गौतम टेटवाल ने कहा कि सभी आईटीआई में प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधार के लिये जरूरी कदम उठायें। आकांक्षी जिलों में संचालित आईटीआई के उन्नयन के लिये विस्तृत कार्य-योजना बनाई जाये। विकासखण्डों में संचालित आईटीआई में जरूरी उपकरण एवं सुविधाएँ उपलब्ध करायें। आईटीआई में अध्ययनरत प्रशिक्षणार्थियों को उत्कृष्ट आईटीआई में भ्रमण करवायें। शासकीय आईटीआई में उद्योगों के माध्यम से ऑन द जॉब ट्रेनिंग को बढ़ावा देने के लिये कार्य-योजना बनायें।

गौतम टेटवाल ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क भोपाल में संचालित पाठ्यक्रम से अवगत कराने आईटीआई प्रशिक्षणार्थियों को यहाँ 4-5 दिनों के लिये प्रशिक्षण दिया जाये। नवीन स्वीकृत आईटीआई के भूमि का चयन एवं भवन निर्माण की कार्यवाही शुरू करें। रिक्त उच्च पदों के प्रभार देने की कार्यवाही भी करें।

समय-सीमा में कार्य नहीं होने पर होगी कार्रवाई

राज्य मंत्री टेटवाल ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने आईटीआई एवं अन्य कार्यालयों में 3 से अधिक वर्षों तक एक ही स्थान पर पदस्थ कर्मचारियों को बदलने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिये। आईटीआई के निरीक्षण का रोस्टर बनायें। 

उन्होंने ग्लोबल स्किल पार्क का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिये। साथ ही यहाँ की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के निर्देश भी दिये। बैठक में परियोजना संचालक गौतम सिंह और संचालक कौशल विकास एवं रोजगार सोमेश मिश्रा एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Latest News