Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशस्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में मध्य प्रदेश फिर अव्वल

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में मध्य प्रदेश फिर अव्वल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 के सम्मान समारोह में इंदौर को ‘सुपर स्वच्छ लीग सिटीज़’ श्रेणी में देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में सम्मानित किया जाना प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।

उल्लेखनीय है कि विगत 7 वर्षों से स्वच्छ शहरों की श्रेणी में इंदौर ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। इंदौर के साथ भोपाल, देवास, शाहगंज, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन एवं बुधनी को भी विभिन्न श्रेणियों में स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त होना इस बात का प्रमाण है कि पूरा मध्यप्रदेश अब स्वच्छता में देश का अग्रदूत बन चुका है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस सफलता के लिए प्रदेश के समस्त स्थानीय निकायों के नागरिकों, विशेषकर स्वच्छताकर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को स्पेन यात्रा के दूसरे दिन जारी संदेश में यह बात कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने हमेशा की तरह एक बार फिर टॉप किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सभी राज्यों को स्वच्छता की प्रतिस्पर्धा में शामिल होने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता की विभिन्न श्रेणियों में अग्रणी शहरों की एक लीग बनाई गई, जिसमें इंदौर को शीर्ष स्थान मिला। इंदौर स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार-2024 में 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों की नवीन श्रेणी “स्वच्छ लीग अवार्ड” में सर्वश्रेष्ठ शहर बना है।

“इंदौर फिर हुआ पुरस्कृत’’

इंदौर को एक बार फिर 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाली श्रेणी में स्वच्छ लीग अवार्ड में सर्वश्रेष्ठ शहर से पुरस्कृत किया गया। इसी श्रेणी में 3 से 10 लाख जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन को सर्वश्रेष्ठ शहर का पुरस्कार प्राप्त हुआ। शहरों की श्रेणी में 20 हजार से कम आबादी वाली जनसंख्या वाले शहरों में बुधनी सर्वश्रेष्ठ रहा। 

“राजधानी भोपाल को स्वच्छ शहर का पुरस्कार’’

 राजधानी भोपाल को 10 लाख से अधिक जनसंख्या की श्रेणी में स्वच्छ शहर का द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इसी श्रेणी में 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या वाले शहरों में देवास को प्रथम पुरस्कार और 20 हजार से कम जनसंख्या वाले शहरों में शाहगंज को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार सफाई मित्र सुरक्षित शहर की श्रेणी में जबलपुर को पुरस्कृत किया गया है और ग्वालियर को प्रोमिसिंग स्वच्छ शहर से पुरस्कृत किया गया।

प्रदेश के अन्य शहरों ने भी परचम लहराया

उल्लेखनीय है कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 में 10 लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों में भोपाल दूसरे, जबलपुर 5वें और ग्वालियर 14 वें स्थान पर आया है। प्रदेश के 203 शहरों को स्टार रेटिंग प्रमाणीकरण मिला, जिसमें विगत वर्ष के 157 शहरों से 12% अधिक शहरों ने स्टार रेटिंग प्राप्त की। सर्वेक्षण में भोपाल, इंदौर, जबलपुर को 7 स्टार, देवास, रीवा और सतना को 5 स्टार रैंक प्राप्त हुई है। प्रदेश के 36 शहरों को 3 स्टार और 161 शहरों को एक स्टार रैंक मिली है। नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने प्रदेश के शहरों का स्वच्छता के मामले में श्रेष्ठ प्रदर्शन को सफाई मित्रों की मेहनत का फल बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय क्षेत्रों को सफाई के मापदण्ड पर उच्चतम स्थान देने के प्रयास किये जायेंगे।

Related Articles

Latest News