बालाघाट। एमपी के बालाघाट स्थित लांजी में 10 लाख रुपए उधारी वसूलने के चक्कर में किए गए अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।
पुलिस ने छत्तीसगढ़ के धमतरी से युवक को सही सलामत बरामद कर मुख्य आरोपी, उसकी मंगेतर और एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्राम बकरामुंडी के कटंगनाला के पास बीती सुबह सफेद रंग की गाड़ी में आए चार लोगों ने केशोप्रसाद धामने के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जबरन गाड़ी में डालकर भाग निकले।
पुलिस ने किडनैपिंग की खबर मिलते ही केस दर्ज किया और आरोपियों को पकडऩे टीम रवाना कर दी।
इस दौरान खबर मिली कि केशो प्रसाद को छत्तीसगढ़ के धमतरी में रखा गया है, जिसपरपुलिस पहुंची और घेराबंदी कर जितेन्द्र कुमार व उसकी मंगेतर ज्योति बिल्हारे व एक साथी योगेश साहू को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में दो और आरोपी फरार है, जिन्हे पकडऩे के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू साहू ने बताया कि उसने अपनी मंगेतर ज्योति के साथ मिलकर केशोप्रसाद को ब्याज पर पैसे दिए थे।
जब काफी समय तक पैसे वापस नहीं मिले तो उन्होंने वसूली के लिए उसे उठाने का प्लान बनाया। योजना के मुताबिक ज्योति ने फोन कर जितेंद्र को लांजी बुलाया और फिर उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर केशोप्रसाद का अपहरण कर लिया।











